बिहार STF की बड़ी कामयाबी: चर्चित देवराज हत्याकांड का मुख्य आरोपी कुख्यात शिवम कुमार को दबोचा

Bihar Crime : बिहार एसटीएफ को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एसटीएफ ने पटना के चर्चित देवराज हत्याकांड समेत कई मामलों में फरार कुख्यात शिवम को धर दबोचा है। एसटीएफ ने इस बोधगया से गिरफ्तार किया है.....

बिहार STF की बड़ी कामयाबी: चर्चित देवराज हत्याकांड का मुख्य
STF ने कुख्यात शिवम को किया गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Patna : बिहार पुलिस की विशेष शाखा एसटीएफ (STF) को  एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ की विशेष टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार के कुख्यात और वांछित अपराधी शिवम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को लंबे समय से इस शातिर अपराधी की तलाश थी, जिसे अंततः अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल बोधगया थाना क्षेत्र से घेराबंदी कर दबोच लिया गया।

गिरफ्तार अपराधी शिवम कुमार मुख्य रूप से भोजपुर (आरा) जिले के संदेश थाना अंतर्गत चीहोस गांव का रहने वाला है और उसके पिता का नाम पूरन सिंह है। वह पटना जिले के रानीतलाब थाना कांड संख्या 382/23 (दिनांक 06.11.2023) में मुख्य रूप से वांछित था। शिवम के खिलाफ कानूनन हत्या (धारा 302), आपराधिक साजिश (120बी), सामूहिक संलिप्तता (34 भा.द.वि.) और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है।


चर्चित देवराज हत्याकांड और दीपू चौधरी मर्डर केस में था शामिल

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार कुख्यात अपराधी शिवम कुमार पटना जिले के रानीतलाब थाना क्षेत्र के अत्यंत चर्चित 'देवराज हत्याकांड' में सीधे तौर पर शामिल था। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से ही वह लगातार पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी से रानीतलाब पुलिस ने बड़ी राहत की सांस ली है और इस मामले के कई अन्य सुराग मिलने की उम्मीद जताई है।


इसके अलावा, कुछ समय पहले नवादा थाना क्षेत्र में हुए दीपू चौधरी हत्याकांड में भी शिवम कुमार की मुख्य भूमिका सामने आई थी। जांच के मुताबिक, इस वारदात को अंजाम देने के लिए शिवम ने ही शूटरों के लिए 'लाइनर' का काम किया था। उसने न केवल पीड़ित की रेकी की, बल्कि अपराधियों को पूरी लोकेशन और सटीक इनपुट देकर हत्या की वारदात को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।


रंजीत चौधरी गिरोह का सक्रिय सदस्य

एसटीएफ की पूछताछ में यह बात भी साफ हुई है कि शिवम कुमार इलाके के सबसे खूंखार और कुख्यात रंजीत चौधरी गिरोह का एक बेहद सक्रिय और विश्वसनीय सदस्य है। वह इस गिरोह के इशारे पर रंगदारी, हत्या और कांट्रैक्ट किलिंग जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देता था। रंजीत चौधरी गिरोह के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में शिवम की गिरफ्तारी को पुलिस एक बड़ा टर्निंग पॉइंट मान रही है।


कई जिलों में दर्ज हैं मामले

अपराधिक इतिहास की बात करें तो शिवम कुमार के खिलाफ भोजपुर (आरा) और राजधानी पटना जिले के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल 4 (चार) से अधिक गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल एसटीएफ की टीम उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके ठिकानों का पता लगाया जा सके।


अनिल की रिपोर्ट