नवादा में भाजपा नेता के बेटे की आहर में डूबने से मौत, पैर फिसलने से हुआ बड़ा हादसा, मचा कोहराम

सूर्यकांत सिंह आहर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह पानी में जा गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई

Nawada Crime
Nawada Crime - फोटो : news4nation

Bihar News : नवादा जिले में आहर में डूबने से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रामपदारथ सिंह के 48 वर्षीय पुत्र सूर्यकांत सिंह की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना नरहट थाना क्षेत्र के गजरा गांव की है।


मिली जानकारी के अनुसार, सूर्यकांत सिंह आहर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह पानी में जा गिरे। उन्हें पानी में गिरता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाने के लिए दौड़ पड़े। बताया जाता है कि चार से पांच लोग तत्काल पानी में कूद गए और उन्हें बाहर निकालने की कोशिश करने लगे। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने सूर्यकांत सिंह को पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


मृतक के पुत्र के अनुसार, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उनके पिता को बचाने के लिए भरपूर प्रयास किया। चार से पांच लोग तुरंत पानी में उतरे और उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। पिता की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। नरहट थाना प्रभारी गौतम कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। इस दुखद घटना से गजरा गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल, पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

अमन की रिपोर्ट