वैशाली में खूनी खेल: छोटे भाई ने गला रेतकर की बड़े भाई की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Bihar Crime : वैशाली जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है। जहां बड़े भाई की हरकतों से परेशान छोटे भाई ने उसकी गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है....

वैशाली में खूनी खेल: छोटे भाई ने गला रेतकर की बड़े भाई की हत
पारिवारिक विवाद में हत्या- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के लालगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद में एक छोटे भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। यह खौफनाक वारदात घटारो दक्षिणी पंचायत के वार्ड नंबर एक में घटित हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मृतक की पहचान 30 वर्षीय आशुतोष कुमार के रूप में की है, जबकि हत्या का आरोपी उसका सगा छोटा भाई अंकित कुमार बताया जा रहा है।


नशे का आदी था मृतक, छह बार जा चुका था जेल

स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक आशुतोष कुमार मजदूरी करके अपना जीवन यापन करता था। वह अत्यधिक नशे का आदी था और उसकी आदतों के कारण पूरा परिवार परेशान रहता था। नशे की लत और आपराधिक प्रवृत्तियों में संलिप्त रहने के कारण वह पहले भी छह बार जेल की हवा खा चुका था। शनिवार/रविवार को भी घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद छोटे भाई अंकित ने हिंसक रुख अपना लिया।


इलाज के दौरान तोड़ा दम, पटना रेफर किया गया था पीड़ित

घटना के संबंध में सदर एसडीपीओ-02 गोपाल मंडल ने बताया कि पारिवारिक कलह के चलते छोटे भाई अंकित ने अपने बड़े भाई आशुतोष के साथ जमकर मारपीट की और धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। वारदात के बाद आशुतोष को गंभीर हालत में इलाज के लिए तत्काल हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा गया था। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पटना पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।


मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

जैसे ही आशुतोष की मौत की खबर मिली, लालगंज थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार अपने पुलिस दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। थोड़ी ही देर में सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल भी मौके पर पहुंच गए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुजफ्फरपुर से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। वैज्ञानिक जांच के लिए FSL की टीम ने घटनास्थल से खून के धब्बे और अन्य महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए हैं।


शव का कराया जा रहा पोस्टमार्टम, आरोपी की तलाश तेज

लालगंज थाना पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पारिवारिक विवाद और नशे की लत ही इस हत्या की मुख्य वजह बनकर सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी छोटे भाई अंकित कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


रिषभ की रिपोर्ट