Bihar Crime: अब बचना मुश्किल, बंगाल सीएम के पीए के हत्यारे 50 हजार के इनामी अटल सिंह की तलाश तेज, हर ठिकाने पर CBIकी दबिश से मचा हड़कंप

Bihar Crime: पश्चिम बंगाल के चर्चित हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद बक्सर का कुख्यात और मोस्ट वांटेड अपराधी कृष्ण सिंह पर सीबीआई ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।..

 Buxar CBI Intensifies Hunt for 50K Rewarded Atal Singh
अब बचना मुश्किल- फोटो : social Media

Bihar Crime: बक्सर का कुख्यात और मोस्ट वांटेड अपराधी कृष्ण सिंह उर्फ अटल सिंह अब केंद्रीय जांच एजेंसी CBI के रडार पर पूरी तरह आ चुका है। पश्चिम बंगाल के चर्चित हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद सीबीआई ने फरार अपराधी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद अपराध जगत में खलबली मच गई है, जबकि सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी गिरफ्तारी के लिए शिकंजा और भी कस दिया है।

सीबीआई ने फरार बदमाश तक पहुंचने के लिए नई रणनीति अपनाते हुए बक्सर और आसपास के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर उसकी तस्वीर वाले इनामी पोस्टर चस्पा कराए हैं। मकसद साफ हैअवाम की मदद से इस शातिर अपराधी की हर हलचल पर नजर रखना और उसके संभावित ठिकानों तक पहुंचना। एजेंसी ने लोगों से भी अपील की है कि आरोपी के बारे में कोई भी सुराग मिलने पर तत्काल सूचना दें।

बता दें कृष्णा सिंह उर्फ अटल सिंह का नाम पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में मुख्य आरोपी केरुप में सामने आया है। चंद्रनाथ रथ पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक थे, जिनकी छह मई को कोलकाता में हत्या कर दी गई थी। इस मामले की जांच अब सीबीआई कर रही है।

बताया जा रहा है कि कृष्ण सिंह उर्फ अटल सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद लंबा और संगीन है। उसके खिलाफ बक्सर जिले में कत्ल, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से कानून की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा है। पहले भी वह बक्सर पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है और जेल की सलाखों के पीछे रह चुका है, लेकिन फिलहाल पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को लगातार चकमा दे रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, अब स्थानीय पुलिस और सीबीआई संयुक्त रूप से उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। तकनीकी निगरानी, मुखबिर तंत्र और खुफिया इनपुट के आधार पर उसकी तलाश तेज कर दी गई है। एजेंसियों का मानना है कि आरोपी का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है, इसलिए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

फिलहाल सीबीआई की इस बड़ी कार्रवाई के बाद अटल सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। केंद्रीय एजेंसी का कहना है कि फरार अपराधी को जल्द कानून के शिकंजे में लाकर उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- कुलदीप भारद्वाज