पटना में चेन झटपमारों का आतंक, अब PMCH के डॉक्टर बने शिकार, पूर्व MLA के भाई भी बने थे निशाना
Patna Crime : राजधानी पटना में अपराधियों का हौसला लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी में खासकर चेन स्नैचिंग की घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां सोमवार देर रात पीएमसीएच (PMCH) के डॉक्टर राम प्रकाश पंडित चेन स्नेचिंग का शिकार हो गए। जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर राम प्रकाश पंडित देर रात अपनी स्कूटी से सुनसान इलाके से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और गले से चेन झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
डॉक्टर का कहना है कि राजधानी में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में विफल साबित हो रही है। घटना के बाद चित्रगुप्त नगर थाने में मामला दर्ज कराया गया है और पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान में जुटी है।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में पटना के कई इलाकों में चेन स्नैचिंग की वारदातें तेजी से बढ़ी हैं। कुछ दिन पहले ही पटना में बदमाशों ने एक विधायक के भाई को भी निशाना बनाया था। वहीं पिछले सप्ताह ही वट सावित्री पूजा के दौरान महिलाओं के गले से चेन झटपमारी की घटनाएं हुई थी। ऐसे में लगातार हो रही घटनाओं ने राजधानी की कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के मन से पुलिस का डर खत्म होता जा रहा है। खासकर रात के समय सुनसान इलाकों में बाइक सवार गिरोह सक्रिय हैं, जो राह चलते लोगों को निशाना बनाकर आसानी से फरार हो जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अनिल की रिपोर्ट