वट सावित्री पूजा के बीच पटना में बड़ी वारदात, महिला को बीच सड़क पर बनाया निशाना, मचा कोहराम

महिला वट सावित्री पूजा करने के बाद घर लौट रही थी, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।

chain snatching in Patna
chain snatching in Patna- फोटो : news4nation

Patna Crime News :  वट सावित्री व्रत के अवसर पर शनिवार को राजधानी पटना में महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए। वट सावित्री पूजा कर लौट रही एक महिला के साथ बाइक सवार अपराधियों ने चेन छिनतई की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र की है, जहां पूजा के कारण सुबह से महिलाओं की आवाजाही काफी अधिक थी। 


जानकारी के मुताबिक, महिला वट सावित्री पूजा करने के बाद घर लौट रही थी, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक अपराधी तेजी से भाग निकले थे। घटना की सूचना मिलते ही पटना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस पीड़िता और उसके परिजनों से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। 


वट सावित्री पूजा के दिन हुई इस घटना ने महिलाओं में डर का माहौल पैदा कर दिया है। पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं मंदिरों और वट वृक्ष के पास पूजा-अर्चना करने पहुंचती हैं, ऐसे में अपराधियों द्वारा महिलाओं को निशाना बनाया जाना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।


राजधानी में लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं से लोगों में नाराजगी है। बीते दिनों कंकड़बाग इलाके में भी महिला से चेन छिनतई की वारदात हुई थी। वहीं कदमकुआं थाना क्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर बाइक सवार अपराधियों ने करीब 7 से 8 छिनतई की घटनाओं को अंजाम दिया है। इन मामलों में अब तक अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।


लगातार हो रही घटनाओं के बीच पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार और पूजा के दौरान भी अगर महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

अनिल की रिपोर्ट