Bihar Crime: दरभंगा में दरिंदगी पर बवाल, बच्ची से वहशीपन पर उबाल पर अवाम, पुलिस पर पथराव और लाठीचार्ज

Bihar Crime: बिहार के दरभंगा में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने रूह को कपा दिया है।....

Darbhanga Horror Outrage Over Child Rape Murder Clashes Erup
दरभंगा में दरिंदगी पर बवाल- फोटो : social Media

Bihar Crime: बिहार के दरभंगा में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने रूह को कंपा दिया है। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के बेला में एक 22 साल के दरिंदे ने छह साल की मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया और फिर बड़ी बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। इस खौफनाक मंजर के बाद पूरे इलाके में तनाव का आलम है और पुलिस-पब्लिक के बीच ठन गई है।

इस घिनौनी करतूत की खबर फैलते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को उनके हवाले करने और 'तालिबानी सजा' देने की मांग को लेकर सुंदरपुर बेला मंदिर के पास सड़क जाम कर दी। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि भीड़ ने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग और लाठीचार्ज करना पड़ा। फिलहाल इलाके में पांच थानों की पुलिस और एफएसएल की टीम तैनात है।

कादिराबाद की रहने वाली छह साल की मासूम अपने ननिहाल बेला आई थी। शनिवार की शाम वह खेलते-खेलते अचानक मफकूद (लापता) हो गई। घरवाले रात भर उसे तलाशते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। देर रात पटवा पोखर के पास कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर जब परिजन वहां पहुंचे, तो मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मासूम का लहूलुहान शव दीवार के पास पड़ा था। दरिंदे ने मासूमियत को तार-तार कर उसे मौत की नींद सुला दिया था।

वारदात की इत्तला मिलते ही एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तफ्तीश के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें पड़ोस के ही 22 वर्षीय विकास महतो की संदिग्ध भूमिका सामने आई। पुलिस ने जब विकास के घर पर दबिश दी, तो वह वहीं मौजूद था। उसके कपड़ों पर मौजूद खून के धब्बे चीख-चीख कर उसके जरायम की गवाही दे रहे थे। पुलिस ने फौरन उसे हिरासत में ले लिया।