Bihar Crime:उपमुख्यमंत्री के क्षेत्र में पुलिस के नाक के नीचे फल फूल रहा ड्रग्स का धंधा? नशे के सौदागरों के हौसले बुलंद, वायरल वीडियो से नशे का जाल हुआ बेनकाब
Bihar Crime: बिहार की सियासत और कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। मामला उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के विधानसभा क्षेत्र लखीसराय के बड़हिया का है...
Bihar Crime: बिहार की सियासत और कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। मामला उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के विधानसभा क्षेत्र लखीसराय के बड़हिया का है, जहां बड़हिया इलाके से एक वायरल वीडियो ने सुखा नशा के पूरे गोरखधंधे की पोल खोल दी है। वीडियो में कुछ संदिग्ध चेहरे खुलेआम स्मैक जैसे खतरनाक नशे की खरीद-फरोख्त करते नजर आ रहे हैं जैसे कोई डर नाम की चीज बची ही न हो। नोटों की गड्डी भी पास हीं पड़ी देखी जा सकती है।
इस पूरे मामले ने पुलिस महकमे को कटघरे में ला खड़ा किया है। सवाल सीधा है क्या ये धंधा पुलिस की नाक के नीचे चल रहा था या फिर किसी सरपरस्ती में फल-फूल रहा है? इलाके में चर्चा है कि ये सिर्फ छोटे-मोटे पेडलर्स का खेल नहीं, बल्कि एक संगठित नेटवर्क है, जिसमें सप्लायर से लेकर लोकल डीलर तक सबकी अपनी-अपनी भूमिका तय है।
लखीसराय में नशे का ये काला कारोबार अब खौफनाक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। युवा पीढ़ी तेजी से इसकी गिरफ्त में आ रही है। मोहल्लों में डोज, माल और कट जैसे कोड वर्ड्स आम हो चुके हैं। हालात ऐसे बनते दिख रहे हैं कि अगर वक्त रहते इस सिंडिकेट पर शिकंजा नहीं कसा गया, तो बिहार का ये इलाका भी उड़ता पंजाब जैसी भयावह तस्वीर पेश कर सकता है।
राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पहले से ही सूखे नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरते रहे हैं। उनका आरोप है कि सरकार का नशा तस्करों पर इकबाल खत्म हो चुका है अपराधी बेलगाम हैं और कानून का खौफ खत्म हो गया है।
अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस महज औपचारिक कार्रवाई करेगी या फिर इस पूरे नशे के काले साम्राज्य को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए कोई सख्त और ठोस ऑपरेशन चलाएगी? फिलहाल, ये वीडियो कई राज़ खोल रहा है… साथ हीं उपमुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र की पुलिस पर गंभीर सवाल भी खड़े कर रहा है।