शराबी दबंगों का खूनी तांडव! माँ-बेटी पर ईंट-पत्थर बरसाए, फिर दहशत फैलाने को की हवाई फायरिंग

Bihar Crime:नशे में धुत दबंगों ने एक घर को निशाना बनाकर आतंक का खुला खेल खेला।

शराबी दबंगों का खूनी तांडव! माँ-बेटी पर ईंट-पत्थर बरसाए, फिर
थाना पहुंची पीड़िता- फोटो : अजय शास्त्री

Begusarai  : नशे में धुत दबंगों ने एक घर को निशाना बनाकर आतंक का खुला खेल खेला।बेगूसराय के मंसूरचक थाना इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शराब के नशे में धुत दबंगों ने एक घर को निशाना बनाकर आतंक का खुला खेल खेला। मामला गोविंदपुर-02 पंचायत के धगजरी गांव का है, जहां देर रात दबंग किस्म के लोगों ने सो रही माँ-बेटी पर दहशत का कहर बरपा दिया।


इल्जाम है कि बदमाशों ने पहले घर पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग सहम गए। लेकिन दबंगों का कहर यहीं नहीं रुका। गांव में खौफ पैदा करने की नीयत से दो राउंड हवाई फायरिंग भी की गई। गोलियों की आवाज सुनते ही पूरा इलाका दहल उठा और लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए।


पीड़िता पुष्पा देवी ने बताया कि घटना के वक्त वह अपनी बेटी के साथ घर में सो रही थीं। अचानक ईंट-पत्थरों की बौछार और फायरिंग से पूरा परिवार दहशत में आ गया। सहमी महिला ने फौरन मंसूरचक थाना को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मामले की तहकीकात शुरू कर दी। पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए श्रीकांत मिश्रा के पुत्र शुभम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को थाना लाकर पूछताछ की जा रही है।


गुरुवार को पीड़ित महिला ने थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देते हुए इंसाफ की गुहार लगाई। मंसूरचक थानाध्यक्ष गोविंद पाण्डेय ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर BNS की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।


घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिहार में शराबबंदी के बावजूद खुलेआम शराब पीकर फायरिंग और हमला होना कानून-व्यवस्था की पोल खोल रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दबंगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


अजय शास्त्री की रिपोर्ट