Bihar Crime: शादी में गया था परिवार, पीछे से चोरों ने साफ कर दिया आशियाना, डेढ़ लाख कैश समेत 50 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ

Bihar Crime: चोरों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सूने मकान उनकी सबसे आसान मंजिल होते हैं। ...

Family at Wedding Thieves Loot Cash and 50 Lakh in Valuables
डेढ़ लाख कैश समेत 50 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ- फोटो : reporter

Nalanda: चोरों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सूने मकान उनकी सबसे आसान मंजिल होते हैं। नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होने गए एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब लौटने पर घर के ताले टूटे मिले। बदमाशों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के जेवरात व कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

घटना हरनौत थाना क्षेत्र के माधोपुर सबनहुआ गांव की है। जानकारी के अनुसार परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर बंद कर बाहर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी तथा बक्सों के ताले तोड़कर नकदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान समेट लिया। जब परिवार वापस लौटा तो घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे अस्त-व्यस्त थे, सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खाली हो चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर हरनौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। एक ही वारदात में लाखों की चोरी ने इलाके में दहशत फैला दी है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय