फतुहा में नदी से युवक का शव बरामद, एक दिन पहले मिली थी लावारिस कार! मौत की गुत्थी उलझी

फतुहा में नदी से युवक का शव
फतुहा में नदी से युवक का शव - फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना के फतुहा में नरायणा पुल के नीचे नदी से एक 32 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शव मिलने से एक दिन पहले इसी पुल के पास एक लावारिस कार मिली थी। मृतक की पहचान परसा, सोतीचक गांव निवासी प्रकाश रंजन के रूप में हुई है। वह संजय सिंह के पुत्र थे और डेकोरेशन का काम करते थे। उनकी शादी करीब दो साल पहले हुई थी।


जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम नरायणा पुल के पास कार खड़ी मिली थी। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद फतुहा पुलिस कार को थाने ले गई। वहीं, सोमवार सुबह नदी में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।


घटना की जानकारी मिलते ही फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन और एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।


अब सबसे बड़ा सवाल है—प्रकाश रंजन की मौत कैसे हुई? क्या कार और शव मिलने के बीच कोई संबंध है? फिलहाल हत्या या आत्महत्या, किसी भी आशंका की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

रजनीश की रिपोर्ट