Bihar Crime:तस्कर को छुड़ाने के लिए पुलिस पर जमकर हुई रोड़ेबाजी, दारोगा समेत 5 जवान घायल, बिहार में शराब माफिया का दुस्साहस
Bihar Crime: बिहार में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर एक बार फिर हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
Bihar Crime: बिहार के गया जिले में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर एक बार फिर हमला किए जाने का मामला सामने आया है।के गया जिले के मेन थाना क्षेत्र के कोयरी बिगहा स्थित मांझी टोला में शराब बनाने की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस ने मौके से शराब बरामद की और भोला मांझी को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन पुलिस जब उसे गाड़ी में बैठाकर थाने ले जाने लगी, तभी घर की महिलाओं और आसपास की अन्य महिलाओं ने कथित तौर पर पुलिस पर रोड़ेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान गिरफ्तार भोला मांझी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया गया।हमले में एक सब-इंस्पेक्टर समेत पांच पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों का इलाज बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। आरोप है कि रोड़ेबाजी के दौरान पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में पुलिस पर हमले और शराब के अवैध कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
शराब बनाने की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
पुलिसकर्मियों शंभू कुमार और दीपक राणा के मुताबिक, मेन थाना क्षेत्र के कोयरी बिगहा के मांझी टोला में भोला मांझी के घर पर अवैध रूप से शराब बनाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। छापेमारी के दौरान घर से शराब बरामद हुई और पुलिस ने भोला मांझी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद जब टीम आरोपी को लेकर वापस थाने लौट रही थी, तभी घर में मौजूद महिलाओं और आसपास की महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते पुलिस पर रोड़ेबाजी की गई। इस अफरातफरी के बीच भोला मांझी को छुड़ा लिया गया। हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा।
एसएसपी ने कहा- दोषियों की होगी गिरफ्तारी
मामले को लेकर गया के एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि मेन थाना की एक अधिकारी को मामूली चोट आई है। घटना के संबंध में अलग से प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस पर हमले में जो भी लोग शामिल पाए जाएंगे, उनकी पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। एक तरफ अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की गई, तो दूसरी तरफ गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और रोड़ेबाजी की घटना ने कानून-व्यवस्था से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद कितने लोगों की पहचान होती है और आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
रिपोर्ट- मनोज कुमार