Bihar Crime: जमीन कब्जाने वाले गैंग पर पुलिस का शिकंजा, XUV700 से हथियार संग तीन दबोचे

Bihar Crime: गया जिले में भूमि माफियाओं के लिए कथित तौर पर जमीन कब्जाने का काम करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को डेल्हा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

gaya Three Land Mafia Aides Held With Pistol Cartridges
जमीन कब्जाने वाले गैंग पर पुलिस का शिकंजा- फोटो : reporter

Bihar Crime: गया जिले में भूमि माफियाओं के लिए कथित तौर पर जमीन कब्जाने का काम करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को डेल्हा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक लोडेड अवैध पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस और एक महिंद्रा XUV700 वाहन बरामद किया है।

प्रेस वार्ता में धर्मेंद्र भारती ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक टेकारी से गया की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर टिकारी रोड पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक XUV700 को रोककर तलाशी ली गई।पुलिस ने वाहन से तीन युवकों को हिरासत में लिया, जिनकी पहचान चाँद बादशाह, इजाज़ मलिक और फारूकके रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए।पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे भू-माफियाओं के लिए हथियार के बल पर जमीन कब्जा कराने का काम करते हैं और इसके बदले मोटी रकम वसूलते हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के तार बिहार और पश्चिम बंगाल तक फैले हो सकते हैं तथा अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है।

डीएसपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पंचानपुर क्षेत्र में किसी जमीन विवाद से जुड़े काम को अंजाम देकर वापस लौट रहे थे। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चांद बादशाह के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह सिविल लाइंस और चंदौती थाना क्षेत्रों के मामलों में वांछित बताया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के नेटवर्क और जमीन कब्जाने से जुड़े मामलों की गहन पड़ताल की जा रही है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार