Bihar Crime: ट्रैक्टर में शराब का छुपा कारोबार बेनकाब, तहखाने से निकली 25 कार्टन विदेशी शराब,तस्करी नेटवर्क पर बड़ी चोट...
Bihar Crime: उत्पाद विभाग ने एक बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली में छिपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब का भंडाफोड़ किया है।....
Bihar Crime:बिहार में शराबबंदी कानून के बावजूद तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर अवैध कारोबार को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी कड़ी में गोपालगंज में उत्पाद विभाग ने एक बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली में छिपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब का भंडाफोड़ किया है।
यह पूरा मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के लाइन बाजार अमठा गांव स्थित कोल्ड स्टोरेज के पास का है, जहां वाहन जांच अभियान के दौरान उत्पाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यूपी की ओर से शराब की बड़ी खेप गोपालगंज के रास्ते सिवान की ओर भेजी जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जब संदिग्ध ट्रैक्टर को रोका गया, तो शुरुआत में सब कुछ सामान्य प्रतीत हुआ। ट्रॉली खाली दिखाकर तस्करों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जब गहराई से तलाशी ली गई तो सच्चाई सामने आ गई।
ट्रॉली की बॉडी में बेहद शातिराना तरीके से बनाए गए गुप्त तहखाने से 25 कार्टन (करीब 216 लीटर) विदेशी शराब बरामद की गई। यह देखकर पुलिस टीम भी हैरान रह गई कि तस्करों ने किस चालाकी से पूरी खेप छिपाई थी।कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान सिवान जिले के जामो निवासी नवीन कुमार और बड़हरिया निवासी अजय प्रसाद के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की यह खेप सिवान जिले में सप्लाई की जानी थी और इसके पीछे एक संगठित तस्करी गिरोह सक्रिय है।
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई और गिरफ्तार तस्करों से लगातार पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि यह गिरोह लंबे समय से ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे साधारण वाहनों का इस्तेमाल कर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि शराब तस्कर अब नए तकनीकी तरीके अपनाकर कानून से बचने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उत्पाद विभाग की सतर्कता से उनके मंसूबे लगातार नाकाम हो रहे हैं। फिलहाल पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और आने वाले दिनों में बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा