Bihar Crime:लेखापाल के घर और दफ्तर पर EOU का छापा, 2 करोड़ से ज्यादा की संदिग्ध संपत्ति का खुलासा,दस्तावेजों और निवेश के सुराग खंगाल रही जांच एजेंसी
Bihar Crime: आर्थिक अपराध इकाई ने भ्रष्टाचार और काली कमाई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हाजीपुर नगर परिषद कार्यालय के लेखापाल मनीष कुमार के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। ...
Bihar Crime: आर्थिक अपराध इकाई ने भ्रष्टाचार और काली कमाई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हाजीपुर नगर परिषद कार्यालय के लेखापाल मनीष कुमार के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने उनके ठिकानों पर दबिश दी है। इस कार्रवाई से नगर परिषद कार्यालय समेत पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, विशेष निगरानी न्यायालय, मुजफ्फरपुर से प्राप्त तलाशी वारंट के आधार पर आर्थिक अपराध इकाई की अलग-अलग टीमें हाजीपुर के बागमली स्थित आवास और अन्य संबंधित ठिकानों पर छानबीन कर रही हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि मनीष कुमार ने अपनी ज्ञात और वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति खड़ी की है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि लेखापाल पर करीब 2 करोड़ 2 लाख 31 हजार 500 रुपये की अतिरिक्त संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। जांच एजेंसियों के अनुसार यह राशि उनकी वैध आय की तुलना में लगभग 208.57 प्रतिशत अधिक है। इसी आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है।
सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान टीम बैंक खातों, जमीन-जायदाद, निवेश, बीमा दस्तावेज, नकदी लेन-देन और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों की नजर इस बात पर भी है कि कथित काली कमाई का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें किसी अन्य व्यक्ति या बिचौलिए की भूमिका तो नहीं रही।
आर्थिक अपराध इकाई के अधिकारी फिलहाल जब्त किए गए दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाल रहे हैं। जांच एजेंसी का मानना है कि तलाशी अभियान से कई अहम राज़ सामने आ सकते हैं। वहीं नगर परिषद के गलियारों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। फिलहाल छापेमारी जारी है और आर्थिक अपराध इकाई ने संकेत दिए हैं कि तलाशी पूरी होने के बाद बरामद नकदी, निवेश, संपत्तियों और अन्य सबूतों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। काली कमाई के इस कथित खेल में अब जांच एजेंसियां हर पहलू की तह तक पहुंचने में जुटी हैं।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार