पत्नी की हत्या कर शव को पेड़ से लटका आत्महत्या का दिया रूप, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा और पति गिरफ्तार
बगहा पुलिस जिला के लौकरिया थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश करने वाले पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा करते हुए बगहा एसपी रामानंद कौशल ने किया.
Bihar News : बगहा में एक विवाहिता की हत्या को आत्महत्या साबित करने की साजिश का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लौकरिया थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय हेमलता कुमारी की हत्या के बाद उसके शव को आम के पेड़ से लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। पुलिस की वैज्ञानिक जांच और पूछताछ में पूरा राज खुल गया। आरोपी पति गौतम काजी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
दरअसल, बगहा पुलिस जिला के लौकरिया थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश करने वाले पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा करते हुए बगहा एसपी रामानंद कौशल ने बताया कि गरकट्टी गांव के समीप एक बगीचे में पेड़ से महिला का शव लटका मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जांच के दौरान मृतका की पहचान गरकट्टी गांव निवासी 25 वर्षीय हेमलता कुमारी के रूप में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। जांच में मिले साक्ष्यों ने आत्महत्या की कहानी पर सवाल खड़े कर दिए।
पुलिस ने जब मृतका के पति गौतम काजी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि पत्नी से विवाद के बाद उसने मारपीट की और बाद में गन्ने के खेत में ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कुछ समय तक छिपाकर रखा और रात में आम के पेड़ से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो।
मृतका के पिता के आवेदन पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसपी ने कहा कि मामले का स्पीडी ट्रायल कराकर आरोपी को जल्द से जल्द सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।
धीरज पाराशर की रिपोर्ट