लाइसेंसी बंदूक से पत्नी और पिता के सिर में मारी गोली, फिर खुद को भी किया शूट, सुबह-सुबह तीन मौत की घटना से इलाके में मचा हड़कंप

लाइसेंसी बंदूक से पत्नी और पिता के सिर में मारी गोली, फिर खु

Sasaram – खबर रोहतास जिले से जुड़ी है। जहां एक शख्स ने अपने लाइसेंसी बंदूक से पहले पत्नी और उसके बाद अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों को गोली मारने के बाद उसने खुद को भी शूट कर लिया। मंगलवार की सुबह एक घर में तीन लाश मिलने के बाद हड़कंप मच गया। तीनों शवों के सिर में गोली के निशान हैं। मृतकों की पहचान अमित, शालिग्राम और नीतू देवी के रूप में हुई है।

पहले पत्नी को मारी गोली

घटना जिले के बिक्रमगंज अनुमंडल के भानस थाना अंतर्गत डिहरा गांव की है। ASP संकेत कुमार के मुताबिक अमित सिंह ने लाइसेंसी बंदूक से सोमवार की देर रात करीब 12:30 बजे पहले अपनी पत्नी नीतू देवी को गोली मारी। फायरिंग के बाद घर के लोग इधर-उधर भागने लगे और उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया। 

पिता को मारा

पत्नी की हत्या के बाद अमित घर के आंगन में पहुंचा। जहां अमित के पिता शालिग्राम ने उसे रुकने को कहा। इस पर अमित ने अपने पिता को भी गोली मार दी। पत्नी और पिता की हत्या करने के बाद अमित ने खुद को भी शूट कर लिया।

बड़ा भाई बोला- पति-पत्नी में हुआ था झगड़ा

अमित सिंह के बड़े भाई राजेश ने बताया कि, घर में सब लोग सो रहे थे। तभी 12 बजे के आसपास पहले फ्लोर से गोली चलने की आवाज आई। हम लोग घबरा कर उठे और कमरे से बाहर निकले। मैंने देखा कि, अमित गुस्से में हाथ में बंदूक लिए अपने कमरे से नीचे उतर रहा है। हम लोग भागकर उसके कमरे में गए। कमरे में अमित की पत्नी की डेड बॉडी पड़ी थी। उसके सिर में गोली मारी गई थी।

अमित पत्नी की हत्या करने के बाद आंगन की तरफ बढ़ा। तभी पिताजी ने अमित से बंदूक छीनने की कोशिश की, लेकिन अमित ने उन्हें धक्का दिया। दोनों के बीच बहस हुई। इसी बीच अमित ने पिताजी के सिर में गोली मार दी।

सिर पर था खून सवार

हम सब लोग डर गए। घर की महिलाओं ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। उसके सिर पर खून सवार था। कोई उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। पिता की हत्या करने के बाद अमित ने बंदूक की नली अपने सिर पर लगाई और पैर से ट्रिगर दबाकर खुद को शूट कर लिया।

राजेश सिंह का कहना है कि,अमित की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। उसका बनारस में इलाज चल रहा था। कई बार घर में आए दिन छोटे-बड़े विवाद होते रहते थे। सोमवार रात भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था

ASP बोले- तीनों के सिर में लगी बुलेट 

ASP अंकित कुमार ने बताया कि, मंगलवार की सुबह हमें जानकारी मिली की एक ही परिवार के तीन लोगों का शव उनके घर पर मिला है। हमलोग सुबह 6 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। परिवार वालों ने बताया कि, रात 12 से 1 बजे के करीब जब घर में सभी लोग सोए हुए थे तो फर्स्ट फ्लोर से अचानक गोली चलने की आवाज आई। उन लोगों की नींद खुली तो देखा अमित हाथ में बंदूक लिए अपने कमरे से बाहर आ रहा है। कमरे में नीतू की डेड बॉडी पड़ी थी। उसके सिर से खून बह रहा था।

वहीं, जब अमित को उसके पिता रोकने गए तो आरोपी ने उनपर भी फायरिंग कर दी। इसमें अमित के पिता की भी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अमित ने खुद के सिर में गोली मारकर सुसाइड कर लिया।