पटना में इंश्योरेंस एजेंट के घर पर हमला, हथियार के बल पर घर से खींचकर की मारपीट
Bihar News : राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। मालसलामी थाना क्षेत्र के नूरपुर इलाके में हथियार से लैस बदमाशों ने एक इंश्योरेंस एजेंट के घर पर धावा बोल दिया। आरोप है कि बदमाशों ने एजेंट को घर से बाहर खींचकर बेरहमी से मारपीट की, चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित शशि कुमार, जो HDFC ERGO में इंश्योरेंस एजेंट के रूप में कार्यरत हैं, घटना के समय अपने घर के समीप क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपित उनके घर तक पहुंच गए और हथियार के बल पर उन्हें बाहर खींचकर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने चाकू से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। इतना ही नहीं, उनके गले से सोने की चेन भी छीन ली और जाते-जाते धमकी दी कि यदि पुलिस के पास गए तो गोली मार देंगे।
घटना के बाद खून से लथपथ शशि कुमार सीधे मालसलामी थाना पहुंचे। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल भेजा। इलाज के बाद उन्होंने मालसलामी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एफआईआर में पीड़ित ने महेश राय, अभिषेक राय, भोला राय, भोला राय के छोटे भाई समेत दो अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। उनका आरोप है कि सभी आरोपित पूर्व नियोजित तरीके से हथियार लेकर उनके घर पहुंचे और घटना को अंजाम दिया।
इधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिसमें पूरी वारदात कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से नूरपुर इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।