जमुई मे अवैध बालू माफियाओं पर गिरी गाज़, 8 अवैध बालू लदे ट्रैक्टर जब्त, 7 चालक गिरफ्तार

जमुई के पुलिस कप्तान विश्वजीत दयाल के निर्देश पर अवैध बालू के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया।

Jamui Illegal Sand Mining
Jamui Illegal Sand Mining- फोटो : news4nation

Bihar News : जमुई के सिकंदरा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह करीब सात बजे अवैध बालू कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लोहंडा नहर के समीप पुलिस की टीम ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर अवैध बालू लदे आठ ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। इस दौरान सात चालकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। 


मिली जानकारी के अनुसार, जमुई के पुलिस कप्तान विश्वजीत दयाल के निर्देश पर अवैध बालू के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया। सिकंदरा थानाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से लोहंडा नहर के समीप कार्रवाई को अंजाम दिया। इस अभियान में डीआईयू की टीम, सार्जेंट राजू कुमार, अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार, अवर निरीक्षक बृजभूषण कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल थे।


बताया जाता है कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टरों की आवाजाही को रोकने के लिए घेराबंदी की और ट्रक लगाकर रास्ते को अवरुद्ध कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध बालू लेकर जा रहे ट्रैक्टर चालकों को संभलने का मौका नहीं मिला। पुलिस ने मौके से एक साथ आठ ट्रैक्टरों को अपने कब्जे में ले लिया और सात चालकों को गिरफ्तार कर लिया।


अवैध बालू कारोबार पर पुलिस की सख्ती

सिकंदरा क्षेत्र में अवैध बालू के कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। एक साथ आठ ट्रैक्टरों की जब्ती और सात चालकों की गिरफ्तारी के बाद बालू कारोबार से जुड़े लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिला है कि अवैध बालू के कारोबार के खिलाफ प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। 


थानाध्यक्ष विकास ने बताया कि आठ ट्रैक्टर को जब्त कर सात चालक को गिरफ्तार किया गया है, ट्रैक्टर की जांच कर ट्रैक्टर मालिक पर भी कार्रवाई की जाएगी। चुंकि मामला अवैध खनन से संबंधित है इसलिए जब्त ट्रैक्टरों की सूचना खनन विभाग को भी दे दी गयी है।

सुमित की रिपोर्ट