Bihar Crime: आलू की बोरी में मौत के सामान की हो रही थी तस्करी, पुलिस ने हथियारों के धंधेबाजी का किया पर्दाफाश, दबोचे गए पूर्व मुखिया समेत दो तस्कर
Bihar Crime: बिहार में जुर्म की एक खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने एक यात्री बस में छुपाकर लाई जा रही दो अवैध देसी रायफल बरामद की हैं।...
Bihar Crime: बिहार की सरज़मीं पर जुर्म की एक और खौफनाक साजिश बेनकाब हुई है। रोजमर्रा की सब्ज़ी की तरह दिखने वाली आलू की बोरियों में दरअसल मौत की खेप छुपाकर लाई जा रही थी। पुलिस ने अधौरा से आ रही एक यात्री बस से दो अवैध देसी रायफल बरामद कर हथियार तस्करी के इस गोरखधंधे पर करारा वार किया है। इस सनसनीखेज मामले में एक पूर्व मुखिया समेत दो लोगों को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
कैमूर एसपी हरि मोहन शुक्ला ने प्रेस वार्ता में खुलासा किया कि अवैध हथियार निर्माण और तस्करी को लेकर पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हरकत तेज हो गई। मनोरंजन भारती के नेतृत्व में डीआईयूआई टीम और सदर थाना पुलिस ने सिवों मेले के पास नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान छेड़ दिया।
इसी दौरान अधौरा से भभुआ की ओर आ रही एक यात्री बस को रोका गया। जब तलाशी शुरू हुई तो पहली नजर में सब कुछ सामान्य लगा सब्ज़ी की बोरियां, यात्रियों का शोर। लेकिन जैसे ही आलू से भरी दो बोरियों को खोला गया, पुलिस भी दंग रह गई। बोरियों के भीतर बड़ी सफाई से छुपाकर रखी गई थीं दो देसी रायफलें। मौके से अमाढ़ी गांव निवासी कुबेर राम को दबोच लिया गया।
पूछताछ में जो परतें खुलीं, वो और भी डराने वाली थीं। कुबेर राम के बयान के आधार पर अधौरा थाना क्षेत्र के बड़ाप पंचायत के पूर्व मुखिया जोखन सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक कुबेर राम इस गिरोह का सरगना है और इससे पहले भी वर्ष 2024 में मिनी गन फैक्ट्री और अवैध हथियार बनाने की सामग्री के साथ पकड़ा जा चुका है।
एसपी का कहना है कि यह महज़ शुरुआत है। इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं, हथियार कहां भेजे जा रहे थे और खरीदार कौन थे इन सवालों की तह तक जाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को शक है कि आने वाले दिनों में इस केस से जुड़े और भी बड़े खुलासे होंगे। फिलहाल कैमूर में सन्नाटा है, मगर जुर्म के गलियारों में खलबली मची हुई है क्योंकि आलू की बोरी में छुपी रायफलें अब राज नहीं रहीं।
रिपोर्ट- देवब्रत तिवारी