Bihar Crime: रील का शौक पड़ा भारी, हथियार लहराकर वीडियो वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार, बाइक जब्त, असलहा बरामदगी में जुटी पुलिस

Bihar Crime: सोशल मीडिया पर हथियार के साथ रील बनाकर दबंगई दिखाना एक युवक को महंगा पड़ गया।

Kaimur Youth Held After Viral Reel With Gun Bike Seized by P
रील का शौक पड़ा भारी- फोटो : reporter

Bihar Crime: सोशल मीडिया पर हथियार के साथ रील बनाकर दबंगई दिखाना एक युवक को महंगा पड़ गया। कैमूर जिले के मोहनिया थाना पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रही बाइक भी जब्त कर ली है, जबकि हथियार की बरामदगी के लिए आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार युवक की पहचान विवेक यादव के रूप में हुई है। वह मोहनिया थाना क्षेत्र के भोखरी गांव निवासी नंद यादव का पुत्र है। पुलिस के अनुसार, 26 जून को विवेक यादव ने कथित तौर पर हथियार के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रही बाइक को भी जब्त कर लिया। अब जांच का केंद्र यह पता लगाना है कि वीडियो में दिखाया गया हथियार असली है या नहीं और यदि असली है तो वह आरोपी के पास कैसे पहुंचा। पुलिस इस पूरे नेटवर्क और हथियार के स्रोत की भी पड़ताल कर रही है।

इस संबंध में आलोक कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वीडियो में दिख रही बाइक जब्त कर ली गई है और हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी एवं पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हथियार बरामद कर लिया जाएगा और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन, कानून तोड़ने या दहशत फैलाने वाली सामग्री पोस्ट करने से बचें। ऐसे मामलों में साइबर मॉनिटरिंग के जरिए त्वरित कार्रवाई की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

रिपोर्ट- देवव्रत तिवारी