Bihar Crime: नशा मुक्ति केंद्र में फायरिंग, संचालक से बहस के बाद युवक ने दागी गोली, मरीजों और कर्मचारियों के बीच खौफ का माहौल

Bihar Crime: एक निजी नशा मुक्ति केंद्र उस वक्त दहशत के साये में आ गया, जब इलाज करा चुका एक युवक अपने साथी के साथ पिस्टल लेकर केंद्र में घुस आया और कहासुनी के दौरान फायरिंग कर दी। ...

Katihar man opens fire argument with the de addiction center
नशा मुक्ति केंद्र में फायरिंग- फोटो : reporter

Katihar: एक निजी नशा मुक्ति केंद्र उस वक्त दहशत के साये में आ गया, जब इलाज करा चुका एक युवक अपने साथी के साथ पिस्टल लेकर केंद्र में घुस आया और कहासुनी के दौरान फायरिंग कर दी। गोली चलने की पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि केंद्र में भर्ती मरीजों और कर्मचारियों के बीच खौफ का माहौल फैल गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूरे मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।

यह सनसनीखेज वारदात कटिहार नगर थाना क्षेत्र के बेताल मिशन चर्च रोड स्थित एक निजी नशा मुक्ति केंद्र की है। CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि गेरुआ रंग की गंजी पहने एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर केंद्र के अंदर दाखिल होता है। वह संचालक और कर्मचारियों से तीखी बहस करता है और देखते ही देखते जमीन की ओर निशाना साधकर फायर झोंक देता है। गोली चलने की आवाज से वहां मौजूद लोग सहम जाते हैं। इसी दौरान लाल रंग की गंजी पहने दूसरा युवक भी हाथ में पिस्टल लहराते हुए दिखाई देता है, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो जाता है।

नशा मुक्ति केंद्र के संचालक महेश दास के मुताबिक, कटिहार निवासी बॉबी यादव को उसके पिता करीब चार महीने पहले नशे की लत छुड़ाने के लिए केंद्र में भर्ती कराए थे। करीब 14 दिन पहले शादी होने के कारण परिजन उसे घर ले गए थे, लेकिन शादी के दिन ही उसने दोबारा नशा करना शुरू कर दिया। इसके बाद परिजन उसे फिर केंद्र लाए और बाहर ले जाने के लिए दवा की मांग करने लगे। संचालक का कहना है कि नियमों के तहत दवा बाहर नहीं दी जा सकती थी, इसलिए उन्हें लौटा दिया गया।

इसी बात से नाराज होकर बॉबी यादव अपने एक साथी के साथ दोबारा केंद्र पहुंचा। आरोप है कि उसने पिस्टल के बल पर मरीजों और कर्मचारियों को डराने-धमकाने की कोशिश की और विवाद बढ़ने पर फायरिंग कर दी। केंद्र के एक कर्मचारी ने बताया कि गोली उसके पैरों के पास चलाई गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया और बुरी तरह दहशत में आ गया।

घटना के कुछ देर बाद आरोपी बॉबी यादव फिर से नशा मुक्ति केंद्र पहुंच गया। इसकी सूचना तत्काल नगर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। संचालक ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।हालांकि, फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह, हथियार की वैधता और दूसरे युवक की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह