'तुम भीड़ पर गोली चलाओ, बाकी हम देख लेंगे' का आदेश देने वाले खान सर की ऐसे होगी गिरफ्तारी! पटना एसएसपी ने बैठक के बाद किया खुलासा
पटना पुलिस ने खान सर की गिरफ्तारी को लेकर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. उनके खिलाफ दर्ज FIR के आधार पर अब पटना एसएसपी ने भी बड़ा बयान दिया है
Khan Sir : चर्चित शिक्षक और खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक फैसल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पटना के कदमकुआं थाना में उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि कोचिंग संस्थान के बाहर हुए हंगामे के बाद कार्रवाई की गई थी और फायरिंग का वीडियो सामने आने पर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
जब उनसे खान सर के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने सीधे टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि वीडियो में जो भी लोग दिखाई दे रहे हैं और जिनकी भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और अनुसंधान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि कोचिंग संस्थान में हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार सुरक्षाकर्मियों ने पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण बयान दिए हैं, जिसके आधार पर खान सर को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।
तुम गोली चलाओ, बाकी हम देख लेंगे
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार गार्डों ने अपने बयान में कहा है कि घटना के दौरान खान सर ने उनसे कहा था, "तुम गोली चलाओ, बाकी हम देख लेंगे।" इसी बयान के आधार पर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं पटना पुलिस ने छात्र और छात्राओं से अनुरोध किया है कि कोचिंग सेंटर के बहकावे में ना आएं, विधि व्यवस्था में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
2 जून हुआ विवाद
गौरतलब है कि 2 जून की रात पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर पत्थरबाजी और मारपीट की घटना हुई थी। शुरुआती दौर में खान सर ने दावा किया था कि उनकी कोचिंग पर हमला किया गया और 8 से 10 राउंड फायरिंग हुई। इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद की गिरफ्तारी भी हुई थी। हालांकि बाद में एक वीडियो सामने आया, जिसमें खान सर के सुरक्षाकर्मी फायरिंग करते दिखाई दिए। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया।
10 साल से आजीवन कारावास तक की सजा
कानूनी जानकारों के मुताबिक, यदि जांच में खान सर के खिलाफ लगाए गए आरोप साबित होते हैं और हत्या के प्रयास या आर्म्स एक्ट से जुड़े गंभीर अपराध सिद्ध हो जाते हैं, तो उन्हें 10 साल तक की सजा से लेकर आजीवन कारावास तक का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि अंतिम फैसला अदालत में उपलब्ध साक्ष्यों और सुनवाई के आधार पर होगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही खान सर की गिरफ्तारी संभावना जताई जा रही है।
अनिल की रिपोर्ट