Bihar Encounter:पुलिस ने दौड़ा कर अपराधी को मारी गोली! पुलिस और बाइक चोर गिरोह के बीच मुठभेड़, 2 जवान घायल, बिहार में चार दिन में पांचवां एनकाउंटर

Bihar Encounter: बिहार के किशनगंज जिले से देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां पुलिस और कुख्यात अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ ने पूरे इलाके को दहला दिया। ....

Kishanganj Encounter Bihar Police Shoot Bike Theft Gang 2 Co
बिहार में फिर एनकाउंटर- फोटो : social Media

Bihar Encounter: बिहार के किशनगंज जिले से देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां पुलिस और कुख्यात अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ ने पूरे इलाके को दहला दिया। टाउन थाना क्षेत्र के फरीनगोला रेलवे फाटक के पास चौहान बस्ती में बाइक चोरी गिरोह के कुख्यात अपराधी पवन कुमार उर्फ चिंटू और पुलिस टीम के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस दौरान हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।

सूत्रों के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अंतरराज्यीय बाइक चोरी गिरोह के कुछ शातिर अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश रच रहे हैं। तकनीकी सर्विलांस और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, अपराधियों ने भागने की कोशिश शुरू कर दी। इसी अफरा-तफरी में पवन कुमार उर्फ चिंटू ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर दी, जिसके बाद माहौल पूरी तरह गोलियों की गूंज से भर गया।

इस मुठभेड़ में सब-इंस्पेक्टर नीतीश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि इंस्पेक्टर मुश्ताक आलम को भी चोटें आई हैं। दोनों घायलों को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही डीएम विशाल राज, एसपी संतोष कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने मौके से एक बाइक, एक पिस्टल और कई फायर किए गए खोखे बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि यह पूरा गिरोह लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था और बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में था। एसपी संतोष कुमार ने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग थी।

बता दें कि  पिछले कुछ दिनों से बिहार में एनकाउंटर और मुठभेड़ों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसी हफ्ते समस्तीपुर में पुलिस ने सीएसपी लूट और छिनतई के आरोपी प्रिंस को पैर में गोली मारी थी। वहीं पटना में भी कैश वैन लूटकांड के मास्टरमाइंड नीतीश कुमार को मुठभेड़ में घायल किया गया था और उसके साथियों को गिरफ्तार किया गया था।लगातार हो रही इन घटनाओं ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर बहस तेज कर दी है, वहीं पुलिस इसे अपराधियों पर ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत की जा रही सख्त कार्रवाई बता रही है।