Violence in Kurukshetra:कुरुक्षेत्र में भड़की हिंसा, सुरक्षाकर्मी की फायरिंग से भड़के लोग, तीन की हालत गंभीर
Violence in Kurukshetra:1008 कुंडीय महायज्ञ के दौरान कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में हिंसा भड़क गई है।...

Violence in Kurukshetra:विश्व कल्याण के उद्देश्य से आयोजित 1008 कुंडीय महायज्ञ के दौरान कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में हिंसा भड़क गई। महायज्ञ के दौरान शनिवार को भोजन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि माहौल तनावपूर्ण हो गया। ब्राह्मणों को पुराना खाना परोसने को लेकर विवाद हुआ, जिसके परिणामस्वरूप स्थिति बिगड़ गई। इस विवाद के दौरान एक सुरक्षाकर्मी ने गोली चला दी,जो आशीष तिवारी नामक ब्राह्मण को लगी। उन्हें गंभीर अवस्था में लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
यज्ञ का आयोजन स्वामी हरि ओम द्वारा किया गया था, जिसमें देशभर से आए ब्राह्मणों पर बाउंसरों ने अचानक गोलियां चला दीं और लाठियां बरसाईं। इस घटना में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान खाने को लेकर विवाद हुआ, जिसने धीरे-धीरे हिंसक रूप ले लिया। बहस इतनी बढ़ गई कि मौके पर मौजूद बाउंसरों ने ब्राह्मणों पर हमला कर दिया। उन्होंने न केवल लाठियों से प्रहार किया बल्कि गोलीबारी भी की, जिससे अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जिनमें से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
घटना से नाराज ब्राह्मण समाज के लोगों ने सड़क पर पत्थर रखकर जाम लगा दिया और आयोजकों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि धार्मिक आयोजन के नाम पर उन्हें बुलाया गया, लेकिन जब उन्होंने खराब भोजन पर सवाल उठाया, तो उनके साथ मारपीट की गई और गोलियां चलाई गईं।
प्रदर्शनकारियों ने आयोजक और उसके सुरक्षाकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग की। 18 मार्च से शुरू हुआ यह महायज्ञ 27 मार्च तक चलने वाला था, जिसमें प्रतिदिन 1,00,000 आहुतियां डाली जा रही थीं। आयोजन में देशभर से ब्राह्मण समुदाय के लोग शामिल हुए थे।
इस घटना से आक्रोशित ब्राह्मणों ने महायज्ञ स्थल के बाहर कुरुक्षेत्र-कैथल रोड को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने सख्त कार्रवाई की और जाम को खुलवाने का प्रयास किया। वर्तमान में मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और घटना की जांच प्रारंभ कर दी गई है।