मुख्यमंत्री आवास के पास शराब की बोतल मिलने से हड़कंप, शराबबंदी पर फिर से था बड़ा सवाल

बिहार में शराबबंदी के बाद भी शराब तस्करी का मामला बरकरार है और स्थिति ऐसी है कि मुख्यमंत्री आवास के नजदीक ही शराब की बोतलें बरामद हो रही है. इससे शराबबंदी फिर से सवालों में है.

liquor bottles found near Chief Ministers residence in Patna
liquor bottles found near Chief Ministers residence in Patna- फोटो : news4nation

 Chief Ministers residence : बिहार में शराबबंदी कानून के बीच मुख्यमंत्री आवास के समीप शराब की खाली बोतल मिलने से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। घटना राजधानी पटना के वीवीआईपी इलाके की है, जहां सुरक्षा कर्मियों को सड़क किनारे एक संदिग्ध झोला पड़ा मिला। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री आवास के आसपास तैनात सुरक्षा कर्मियों की नजर झोले पर पड़ी। जांच करने पर उसमें शराब की खाली बोतल बरामद हुई। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई।


पुलिस ने शराब की बोतल को जब्त कर लिया है और मामले की तह तक जाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि बोतल वहां कैसे पहुंची और इसके पीछे किसका हाथ है। घटना के बाद मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। राज्य का सबसे सुरक्षित माना जाने वाला वीवीआईपी इलाका होने के बावजूद शराब की बोतल बरामद होना प्रशासन के लिए गंभीर मामला माना जा रहा है।


पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच इस बात की भी की जा रही है कि मामला शराब तस्करी से जुड़ा है या किसी ने जानबूझकर झोला वहां छोड़ दिया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।


दरअसल, यह कोई पहला मौका नहीं है जब इस तरह अति सुरक्षा वाले इलाके में शराब की बोतलें मिली हैं। इसके पहले भी बिहार विधानमंडल परिसर में शराब मिल चुकी है। राज्य सचिवालय में भी शराब की बोलतें बरामद होने से बवाल मचा था। वहीं अब सीएम आवास के बाहर शराब की बोतलें बरामद होने से फिर से शराबबंदी सवालों के घेरे में है।

अभिजीत की रिपोर्ट