पुलिस की बड़ी कार्रवाई : तकरीबन 2 करोड़ रुपये के गांजा के साथ एक तस्कर को दबोचा

Bihar Crime : सुपौल जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना पर एक पिकअप वैन से भारी मात्रा में गांजा के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है । गांजा को पिकअप वैन में बने एक गुप्त चैंबर में छुपा कर रखा गया था....

पुलिस की बड़ी कार्रवाई : तकरीबन 2 करोड़ रुपये के गांजा के सा
तकरीबन 2 करोड़ रुपये के गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार- फोटो : विनय कुमार मिश्र

Supaul : जिले के पिपरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाकेबंदी कर एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस विशेष कार्रवाई में पुलिस टीम ने कुल 427.95 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 71 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन को जब्त करने के साथ ही एक अंतरजिला तस्कर को भी रंगे हाथ गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है।


सिंहेश्वर मार्ग पर सुबह-सुबह चलाया गया विशेष वाहन जांच अभियान

मामले का खुलासा करते हुए पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि मधुबनी जिले के भुतहा इलाके से गांजे की एक बड़ी खेप पिकअप पर लादकर भागलपुर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए फौरन पुअनी राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिंहेश्वर मार्ग पर रेलवे पुल के आगे सोमवार सुबह करीब पांच बजे सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।


पुलिस को देख भागने लगा चालक, खदेड़कर पकड़ा गया वाहन

चेकिंग और नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम को एक तेज रफ्तार संदिग्ध पिकअप आती हुई दिखाई दी। पुलिस बल ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो पुलिस को सामने देख चालक घबरा गया और वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पहले से सतर्क और मुस्तैद पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और घेराबंदी कर पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।


गुप्त चेंबर और खाली कैरेट की आड़ में छिपाया गया था गांजा

जब पुलिस टीम ने पकड़े गए पिकअप वाहन की सघन तलाशी ली, तो तस्करों की चालाकी देखकर हर कोई हैरान रह गया। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए पिकअप के पीछे की सीट और डाला के नीचे एक विशेष गुप्त चेंबर बना रखा था, जिसमें बोरे में पैक गांजा भरा हुआ था। शक न हो इसके लिए बोरों के ऊपर प्लास्टिक के खाली कैरेट सजाकर रखे गए थे। जब इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन कराया गया, तो कुल 427.95 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।


पटना का रहने वाला है गिरफ्तार तस्कर, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस गिरफ्त में आए तस्कर की पहचान पटना जिले के दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र के कोपा गांव निवासी उपेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है। कड़ी पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह गांजे की यह खेप भुतहा से उठाकर भागलपुर डिलीवरी देने जा रहा था। पिपरा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ और पिकअप को जब्त कर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य मास्टरमाइंड्स की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट