मोकामा नगर परिषद के तीन कर्मी शराब पीकर हंगामा करते गिरफ्तार, महिला सिपाही से की अभद्रता

मोकामा नगर परिषद के तीन कर्मियों को महिला पुलिसकर्मियों से छेड़खानी करने और शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.

मोकामा नगर परिषद के कर्मी गिरफ्तार
मोकामा नगर परिषद के कर्मी गिरफ्तार- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब पीने के मामलों पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में मोकामा थाना पुलिस ने नगर परिषद मोकामा के तीन कर्मियों को शराब के नशे में गिरफ्तार किया है। तीनों पर महिला सिपाही के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने का भी आरोप है।


पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, 3 जुलाई की रात करीब 10 बजे गश्ती के दौरान पुलिस टीम नवपदस्थापित महिला सिपाही को नगर परिषद परिसर में ठहराने पहुंची थी। इसी दौरान पास की छत पर मौजूद कुछ युवक महिला सिपाही को देखकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने लगे। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो वे हंगामा करने लगे और खुद को नगर परिषद, मोकामा का कर्मचारी बताया।


पुलिस तीनों को थाने लेकर आई, जहां ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। जांच में रोशन कुमार उर्फ गोपाल कुमार के शरीर में 128 mg/100 ml, सोनू कुमार उर्फ सौरभ राज में 230 mg/100 ml और राधेश्याम कुमार में 120 mg/100 ml अल्कोहल की मात्रा पाई गई।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन कुमार (सिविल इंजीनियर), सोनू कुमार (प्रभारी लेखापाल) और राधेश्याम कुमार (सिविल इंजीनियर) के रूप में हुई है, जो प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े कार्यों में मोकामा नगर परिषद में तैनात बताए गए हैं। पुलिस ने बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत शराब सेवन तथा महिला सिपाही के साथ अभद्र व्यवहार के आरोप में तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रवि शंकर की रिपोर्ट