Bihar Education News: 10 हजार दो, तभी साइंस में नामांकन होगा... छात्र गिड़गिड़ाता रहा, गुरुजी 10 हजार पर अड़े रहे, शिक्षा के मंदिर में भ्रष्टाचार का खेल उजागर
Bihar Education News:शिक्षा के मंदिर में ज्ञान नहीं, बल्कि कथित तौर पर रिश्वत की बोली लग रही है। ...
Bihar Education News:शिक्षा के मंदिर में ज्ञान नहीं, बल्कि कथित तौर पर रिश्वत की बोली लग रही है। मोतिहारी के अरेराज प्रखंड स्थित उत्क्रमित प्लस-2 उच्च विद्यालय झखरा से सामने आए एक वायरल ऑडियो ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऑडियो में एक कथित कंप्यूटर शिक्षक इंटर साइंस में स्पॉट एडमिशन दिलाने के नाम पर छात्र से दस हजार रुपये की रिश्वत मांगते सुनाई दे रहे हैं।
वायरल बातचीत में छात्र बार-बार रहम की गुहार लगाते हुए सात हजार रुपये देने की पेशकश करता है, लेकिन गुरुजी अपने रेट से एक रुपया भी कम करने को तैयार नहीं दिखते। कथित तौर पर शिक्षक साफ कहते सुनाई देते हैं कि दस हजार से एक रुपया कम में साइंस में एडमिशन नहीं होगा। सीटें पहले से बुक हैं। पैसा दे दो, झखरा हो या गोविंदगंज, कहीं भी स्पॉट एडमिशन करवा देंगे, किसी को भनक तक नहीं लगेगी। ऑडियो की पुष्टि न्यूज4नेशन नहीं करता है।
ऑडियो में यह भी दावा किया गया है कि रिश्वत की रकम के अलावा नामांकन शुल्क अलग से देना होगा। इतना ही नहीं, स्पॉट एडमिशन के आवेदन के लिए 350 रुपये, दूसरा मोबाइल नंबर और अलग ई-मेल आईडी की भी मांग की जा रही है। पूरे संवाद से ऐसा प्रतीत होता है मानो शिक्षा संस्थान नहीं, बल्कि एडमिशन का कोई गुप्त सौदा चल रहा हो।
बता दें बीते एक महीने के भीतर मोतिहारी में नामांकन और टीसी के नाम पर पैसे लेने से जुड़े कई ऑडियो-वीडियो सामने आ चुके हैं। ताजा वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर भारी आक्रोश है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब छात्र को प्रवेश के लिए ही रिश्वत देने पर मजबूर किया जाएगा तो उसके भविष्य की दिशा क्या होगी। वहीं, आरोपित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी तेज हो गई है।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार