Bihar Crime: मोतिहारी में बैंक मैनेजर पर महिला से दुष्कर्म का इल्जाम, लोन का झांसा देकर हैवानियत, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Bihar Crime: लोन दिलाने का झांसा देकर एक महिला को शाखा कार्यालय बुलाने और उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने का आरोप एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक पर लगा है।...
Bihar Crime: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। लोन दिलाने का झांसा देकर एक महिला को शाखा कार्यालय बुलाने और उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने का आरोप एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक पर लगा है। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता चिरैया थाना क्षेत्र की रहने वाली है। महिला का आरोप है कि ढाका स्थित माइक्रो फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक ने उसे लोन स्वीकृत कराने के बहाने अपने कमरे में बुलाया। वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर जबरदस्ती करते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया।वारदात के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर तुरंत 112 आपातकालीन पुलिस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी शाखा प्रबंधक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
ढाका थाना अध्यक्ष राजरूप राय ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है तथा न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। मामले में सभी साक्ष्यों को एकत्र कर आगे की जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और भरोसे के नाम पर होने वाले कथित अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार