Bihar Crime: बिहार में बेखौफ गैंग का तांडव, हथियार की नोक पर अनाज कारोबारी से लूट, पुलिस गश्ती पर उठे सवाल, एक महीने में दूसरी वारदात से दहशत
Bihar Crime: अपराधियों ने एक बार फिर खाकी को खुली चुनौती देते हुए बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया।
Bihar Crime: मोतीहारी जिले के आदापुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर खाकी को खुली चुनौती देते हुए बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने देसी कट्टा (हथियार) की नोक पर अनाज व्यवसायी से करीब 40 से 45 हजार रुपये झपट लिए और मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और आम जनता में खौफ का माहौल कायम है।
सूत्रों के मुताबिक यह वारदात बंशीधर उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास हुई, जहां सिरिसिया कला पंचायत के इनरवा गांव निवासी स्व. प्रभु साह के पुत्र संजय प्रसाद अपनी अनाज खरीद-बिक्री की दुकान चला रहे थे। रोजमर्रा की तरह वे दुकान पर बैठे थे कि तभी अचानक काले रंग की बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी पहुंचे। देखते ही देखते बदमाशों ने कट्टा सटाकर” व्यवसायी को आतंकित कर दिया और कैश से भरा बटुआ छीन लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूरा घटनाक्रम इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद धक्का-मुक्की और गाली-गलौज करते हुए बाइक से फरार हो गए। पीड़ित व्यवसायी संजय प्रसाद ने बताया कि अपराधी करीब 45 हजार रुपये लेकर भागे हैं और उन्होंने थाने में लिखित शिकायत देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में दहशत और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।
गौरतलब है कि पिछले एक महीने में यह दूसरी बड़ी आपराधिक वारदात है। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में एक किराना व्यवसायी को गोली मारकर लाखों की लूट की गई थी। लगातार हो रही घटनाओं ने पुलिस गश्ती व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। घटना की सूचना मिलते ही आदापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार