Bihar Crime: 50 हजार की रिश्वत नहीं दी तो युवक पर बरपा कहर, दारोगा के कारनामें का खुलासा होते हीं मचा हड़कंप

Bihar Crime: मद्यनिषेध विभाग के एक एएसआई पर शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार युवक से कथित तौर पर 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने और रकम नहीं देने पर बेरहमी से पिटाई करने का गंभीर आरोप लगा है।

Motihari Bribe Allegation Excise Officer
खाकी का युवक पर बरपा कहर- फोटो : reporter

Bihar Crime: मोतीहारी में मद्यनिषेध विभाग के एक एएसआई पर शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार युवक से कथित तौर पर 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने और रकम नहीं देने पर बेरहमी से पिटाई करने का गंभीर आरोप लगा है। मामला छौड़ादानो चेक पोस्ट से जुड़ा बताया जा रहा है। युवक की हालत और शरीर पर चोट के निशान सामने आने के बाद न्यायालय परिसर में मामला चर्चा का विषय बन गया।

बताया जा रहा है कि शराब पीने के आरोप में पकड़े गए सनोज महतो को छोड़ने के एवज में एएसआई धर्मेंद्र राम पर 50 हजार रुपये मांगने का आरोप है। युवक और उसके परिजनों का आरोप है कि रकम देने से इनकार करने के बाद उसे हाजत में बंद कर दिया गया और कथित तौर पर बर्बर तरीके से उसकी पिटाई की गई। युवक के शरीर पर चोट के निशान देखकर न्यायालय में मौजूद अधिवक्ताओं ने मामले को गंभीरता से लिया।

मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब युवक को न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया। शरीर पर चोट के निशान देखकर अधिवक्ताओं ने आपत्ति जताई और पूरे प्रकरण की जांच कराने तथा दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद उत्पाद विशेष न्यायालय के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने का निर्देश दिया।

घटना की जानकारी फैलते ही कोर्ट परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। युवक के शरीर पर मौजूद चोट के निशान को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। परिजनों ने भी संबंधित पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

हालांकि, रिश्वत मांगने और मारपीट के आरोपों की स्वतंत्र जांच अभी बाकी है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी। न्यायालय के निर्देश के बाद अब जांच की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार