Bihar Health: स्वास्थ्य विभाग की हकीकत! डॉक्टर क्वार्टर से लाखों की एक्सपायरी जीवनरक्षक दवा बरामद

Bihar Health: डॉक्टर के क्वार्टर के कमरों में लाखों रुपये की एक्सपायरी जीवनरक्षक दवाएं ढेरों में दिख रही हैं।

Motihari Expired life saving medicine worth lakhs recovered
डॉक्टर क्वार्टर से लाखों की एक्सपायरी जीवनरक्षक दवा बरामद- फोटो : reporter

Bihar Health: बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें डॉक्टर के क्वार्टर के कमरों में लाखों रुपये की एक्सपायरी जीवनरक्षक दवाएं ढेरों में पड़ी दिखाई दे रही हैं। वीडियो में मजदूरों को दवाएं उठाकर बाहर फेंकते देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि ये दवाएं मरीजों को देने के बजाय क्वार्टर में भरकर रखी गई थीं और समय बीतने पर एक्सपायर हो गईं।

बताया जा रहा है कि मामला मोतिहारी के पताही पीएचसी का है। सोशल मीडिया पर लोग तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं कहा जा रहा है कि अस्पताल आने वाले मरीज दवा के लिए दर-दर भटकते हैं, जबकि जीवनरक्षक दवाएं क्वार्टर में सड़ती रहीं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आरोपों ने स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दवाएं समय पर वितरित की जातीं तो कई जरूरतमंद मरीजों को राहत मिलती। एक्सपायरी दवाओं का इस तरह भंडारण लापरवाही या बड़ी साजिश दोनों आशंकाओं को जन्म दे रहा है।

पताही पीएचसी प्रभारी डॉ. शंकर बैठा ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें अभी अस्पताल का विधिवत प्रभार नहीं मिला है। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर क्वार्टर की सफाई कराई जा रही थी, उसी दौरान दवाएं मिलीं। हालांकि उन्होंने मामले पर विस्तार से टिप्पणी करने से परहेज किया।

इधर सिविल सर्जन डॉ. दिलीप सिंह ने इसे गंभीर मामला बताते हुए त्वरित जांच के आदेश की बात कही है। उनका कहना है कि मरीजों के लिए आई दवाओं को कमरे में रखकर एक्सपायर करना अत्यंत आपत्तिजनक है और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अब सवाल उठता है क्या यह महज प्रशासनिक लापरवाही है या व्यवस्था में गहरी जड़ें जमा चुकी अनियमितता? जांच के बाद ही सच सामने आएगा, लेकिन फिलहाल वायरल वीडियो ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार