फर्जी पुलिस गैंग का भंडाफोड़,वर्दीधारी लुटेरों में बर्खास्त सिपाही भी शामिल

Bihar fake police gang:पुलिस की वर्दी पहनकर और पुलिस लिखी गाड़ियों का इस्तेमाल कर लूट करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है।...

Fake Police Gang Busted
वर्दीधारी लुटेरे गिरफ्तार- फोटो : reporter

Bihar fake police gang: एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस की वर्दी पहनकर और पुलिस लिखी गाड़ियों का इस्तेमाल कर लूट करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। इस गिरोह का सरगना एक बर्खास्त सिपाही निकला, जबकि इसमें दो होमगार्ड जवान भी शामिल पाए गए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

यह मामला मोतिहारी के मुफस्सिल थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर इस संगठित अंतरजिला गिरोह का खुलासा किया।गिरफ्तार अपराधियों में एक बर्खास्त सिपाही और दो होमगार्ड जवान शामिल हैं, जो लंबे समय से पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग कर लोगों को डराकर लूट और वसूली की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने जिले के कई थाना क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम दिया है। हाल ही में मुफस्सिल थाना क्षेत्र में करीब 3 लाख रुपये की लूट की घटना भी इसी गिरोह द्वारा की गई थी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पुलिस लिखा वाहन समेत कुल तीन गाड़ियां बरामद की हैं। इसके अलावा पुलिस वर्दी, नकली आईडी और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल अपराधी वारदातों में करते थे। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि जिस व्यक्ति के अपहरण की सूचना दी गई थी, वह भी इसी गिरोह का सदस्य निकला, जिससे मामले ने और गंभीर मोड़ ले लिया।

पुलिस ने सीवान से लालबहादुर, दरियापुर से सफदर इमाम, भीतहा से विकास यादव और तुरकौलिया के दो होमगार्ड जवानों समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। सीवान से जुड़े कुछ आरोपी भी इस गिरोह में शामिल पाए गए हैं। सदर डीएसपी-2 के नेतृत्व में मुफस्सिल थाना पुलिस लगातार इस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग कर अपराध करने वाले इस गिरोह का खुलासा सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार