Bihar Crime: आपत्तिजनक हालत में पकड़ाए शादीशुदा प्रेमी-प्रेमिका, लोगों नें सिर मुंडवाकर चप्पलों की पहनाई माला, गांव में घुमाया
Bihar Crime: शादीशुदा प्रेमी-प्रेमिका को एक साथ पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने कानून अपने हाथ में ले लिया।...
Bihar Crime: पूर्वी चंपारण के बंजरिया थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां कथित तौर पर शादीशुदा प्रेमी-प्रेमिका को एक साथ पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने कानून अपने हाथ में ले लिया। दोनों की पहले बेरहमी से पिटाई की गई, फिर उनका सिर मुंडवाकर गले में जूतों-चप्पलों की माला पहनाई गई और पूरे गांव में घुमाया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो बंजरिया थाना क्षेत्र के पूर्वी सरेया पंचायत के सिसवा पूर्वी गांव का है। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला अपने घर में थी, तभी उसका कथित प्रेमी, जो पड़ोसी पंचायत पंचरुखा पूर्वी के पकड़िया टोला का रहने वाला बताया जा रहा है, उससे मिलने पहुंचा। परिजनों ने उसे घर में घुसते देख लिया और दोनों को कथित तौर पर एक साथ पकड़ लिया।आरोप है कि इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और दोनों के साथ मारपीट की गई। अगले दिन नाई बुलाकर प्रेमी और प्रेमिका का सिर मुंडवाया गया, गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई और पूरे गांव में घुमाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग तमाशबीन बने रहे और घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बाद में ग्रामीण दोनों को सरपंच पति महेंद्र यादव के दरवाजे पर ले गए। वहां माहौल बिगड़ता देख उन्होंने डायल-112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई। हालांकि, घटना के दौरान घंटों तक यह कथित सार्वजनिक प्रताड़ना चलती रही, लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी।
ग्रामीणों का दावा है कि महिला और उसका कथित प्रेमी पहले से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों परिवारों के पुरुष राजमिस्त्री का काम करते थे और इसी वजह से एक-दूसरे के घर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध बन गए। परिवार वालों को पहले से इस संबंध की जानकारी होने का शक था और वे उन्हें रंगे हाथ पकड़ने की कोशिश कर रहे थे।फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच पुलिस कर रही है। यदि वीडियो और आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला केवल कथित प्रेम संबंध का नहीं, बल्कि भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने, मारपीट, सार्वजनिक अपमान और मानवाधिकारों के उल्लंघन का भी बनता है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार