Bihar Love Crime:जब तुम मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं हो सकती .... शादी के 18 दिन बाद प्रेमिका की हत्या, इश्क के खूनी अंजाम से दहशत में लोग

Bihar Love Crime: मोतिहारी की खामोश गलियों में एक बार फिर वहशी इश्क का काला साया उतर आया, जहां मोहब्बत नहीं बल्कि जुनून ने इंसानियत का गला घोंट दिया।...

Motihari One Sided Love Turns Deadly Murder Shock Case
मोहब्बत या वहशत?- फोटो : reporter

Bihar Love Crime: मोतिहारी की खामोश गलियों में एक बार फिर वहशी इश्क का काला साया उतर आया, जहां मोहब्बत नहीं बल्कि जुनून ने इंसानियत का गला घोंट दिया। एकतरफा प्रेम में पागल कथित आशिक ने इंकार की आग में ऐसा अंधा होकर कदम उठाया कि पूरे गांव की फिजा सन्न रह गई। कहा जा रहा है कि जब तुम मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं हो सकती जैसी वहशी सोच ने एक मासूम जिंदगी को हमेशा के लिए खामोश कर दिया।

यह पूरा मामला बिजधारी थाना क्षेत्र के बथना पांडे टोला का है, जहां सपना कुमारी नाम की 20 वर्षीय युवती की शादी के कुछ ही दिनों बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। गांव के ही जगदीश नामक युवक पर आरोप है कि वह लंबे समय से सपना के पीछे एक साया बनकर पड़ा था। इंकार की चोट उसके दिमाग में इस कदर बैठ गई कि उसने खुलेआम धमकी तक दे डाली थी कि शादी के बाद भी वह उसे चैन से जीने नहीं देगा।

शादी के ठीक 18 दिन बाद जब सपना पहली बार अपने मायके लौटी, तो उसे क्या पता था कि मौत उसकी राह देख रही है। भाभी मुन्नी देवी के अनुसार, खेत की तरफ शौच के लिए जाते वक्त अचानक जगदीश ने गमछे से उसका गला दबा दिया। विरोध करने के बावजूद वह तब तक नहीं रुका जब तक सपना की सांसें पूरी तरह थम नहीं गईं।

घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी फरार है, लेकिन पुलिस ने उसकी मां बबीता देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष सीमा कुमारी के अनुसार फॉरेंसिक जांच कराई गई है और पूरे मामले की तहकीकात जारी है। यह वारदात एक बार फिर सवाल छोड़ गई है क्या इश्क अब जुनून बनकर कानून को चुनौती देने लगा है?

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार