Bihar Crime: साईं बाबा मंदिर में चोरी, गणेश जी का मुकुट गायब, लापरवाही पर पुलिसकर्मी सस्पेंड

Bihar Crime: लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बीच अब चोरों ने मंदिर को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ...

Motihari Sai Baba Temple
साईं बाबा मंदिर में चोरी- फोटो : reporter

Bihar Crime: लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बीच अब चोरों ने मंदिर को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र के मिस्कॉट स्थित प्रसिद्ध श्री साईं बाबा मंदिर में बीती रात चोरी की घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। चोर मंदिर का ताला काटकर अंदर दाखिल हुए और भगवान गणेश का मुकुट लेकर फरार हो गए। घटना के बाद मंदिर प्रबंधन, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। वहीं, मंदिर की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला काटा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद मंदिर में रखे कीमती सामान को निशाना बनाया। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी।

मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि नगर थाना पुलिस और एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश कर रही है। प्रारंभिक जांच में भगवान गणेश का मुकुट चोरी होने की बात सामने आई है। हालांकि, साईं बाबा की चांदी की छतरी, दानपेटी और चरण पादुका समेत अन्य सामान सुरक्षित हैं। घटनास्थल पर ताला काटने में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाला औजार और सीढ़ी भी मिली है, जिसे जांच के दायरे में रखा गया है।

मामले में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने गश्ती दल के पदाधिकारी और सुरक्षा बल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।शहर के प्रसिद्ध मंदिर में चोरी की इस वारदात ने कानून-व्यवस्था और रात्रि गश्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए मुकुट की बरामदगी करेगी।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार