Bihar Crime: हथियार रील का खतरनाक खेल, नदी किनारे पिस्टल लहराकर युवाओं ने उड़ाई कानून की धज्जियाँ, पुलिस के रडार पर पूरा गिरोह

Bihar Crime:पिछले तीन-चार दिनों से वायरल एक वीडियो ने पूरे इलाके में सनसनी और दहशत फैला दी है।...

Munger Gun Video Sparks Panic Police Launch Urgent Probe
हथियार रील का खतरनाक खेल- फोटो : reporter

Bihar Crime:पिछले तीन-चार दिनों से वायरल एक वीडियो ने पूरे इलाके में सनसनी और दहशत फैला दी है। मुंगेर जिले में सोशल मीडिया पर रौब और दबदबा दिखाने की सनक अब एक खतरनाक अपराधी ट्रेंड का रूप लेती दिख रही है। पिछले तीन-चार दिनों से वायरल एक वीडियो ने पूरे इलाके में सनसनी और दहशत फैला दी है। इस वीडियो में कुछ नौजवान खुलेआम नदी किनारे पिस्टल लहराते हुए अठखेलियाँ और हंसी-मजाक करते नजर आ रहे हैं, मानो कानून का कोई खौफ ही न हो।

वायरल फुटेज में साफ दिखाई देता है कि एक युवक हाथ में हथियार लेकर उसे बार-बार लोड करता है, मैगजीन फिट कर कॉक करता है और दूसरे युवक की ओर मजाकिया अंदाज में तान देता है। यह पूरा दृश्य किसी गैंगस्टर फिल्म के सीन से कम नहीं लगता, लेकिन हकीकत में यह बेहद गंभीर और जानलेवा लापरवाही है। जरा सी चूक होती तो मौके पर बड़ा हादसा हो सकता था और जानमाल का भारी नुकसान भी संभव था।

सूत्रों के अनुसार यह वीडियो खड़गपुर प्रखंड के किसी नदी किनारे का बताया जा रहा है, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर आग की तरह फैल चुका है। वीडियो वायरल होते ही इलाके में खौफ, चर्चा और आक्रोश का माहौल बन गया है।मामला जब गंगटा थाना तक पहुँचा तो पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। SHO ने जानकारी दी कि वीडियो में दिख रहे सभी युवकों की पहचान कर ली गई है और उनकी कुंडली खंगाली जा रही है। अब यह जांच का विषय है कि उनके हाथ में दिख रहा हथियार लाइसेंसी है या अवैध असलहा।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस पूरे वीडियो के पीछे कोई आपराधिक साजिश या संगठित गिरोह की भूमिका तो नहीं है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि सार्वजनिक स्थान पर हथियार का प्रदर्शन, और इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार गंभीर कानूनी अपराध की श्रेणी में आता है।

फिलहाल पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। यह मामला एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि सोशल मीडिया पर रौब दिखाने की होड़ कहीं युवाओं को अपराध और तबाही के रास्ते पर तो नहीं धकेल रही।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान