Bihar honor killing:बहन के प्रेम विवाह से नाराज भाई बना कातिल, बहनोई की हत्या कर दफनाया शव
Bihar honor killing: एक भाई ने अपनी ही बहन के अंतर्जातीय प्रेम विवाह से नाराज होकर उसके पति की हत्या कर दी...
Bihar honor killing: एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक भाई ने अपनी ही बहन के अंतर्जातीय प्रेम विवाह से नाराज होकर उसके पति की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले बहनोई को ससुराल बुलाया और फिर रास्ते में ही उसकी हत्या कर शव को मिट्टी में दबा दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के खुशेदा गांव का है। यहां के रहने वाले सुनील कुमार ने वर्ष 2024 में केसरिया की रहने वाली शिल्पी कुमारी से प्रेम विवाह किया था। यह शादी अंतर्जातीय थी, जिससे शिल्पी का भाई सुमंत कुमार नाराज़ चल रहा था।
17 अप्रैल को सुमंत कुमार ने अपने बहनोई सुनील को फोन कर ससुराल आने का निमंत्रण दिया। सुनील स्कूटी से निकला, लेकिन रास्ते से ही अचानक लापता हो गया। इसके बाद शिल्पी ने साहेबगंज थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया। जांच के दौरान पुलिस को सुनील की स्कूटी मोतिहारी जिले के बिजधरी थाना क्षेत्र में नहर के पास मिली। जब पुलिस ने मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो आखिरी कॉल साले सुमंत कुमार का निकला।संदेह के आधार पर पुलिस ने सुमंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर बधना चौड़ से सुनील का शव मिट्टी में दबा हुआ बरामद किया गया।
पीड़िता शिल्पी कुमारी ने बताया कि उसे पहले से ही आशंका थी कि उसका भाई इस शादी से नाराज़ है और कोई बड़ा कदम उठा सकता है, लेकिन यह नहीं सोचा था कि वह उसके पति की हत्या कर देगा। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि आरोपी सुमंत कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, इस हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा