Bihar Illicit Relationship: मुहब्बत के शक ने बड़े भाई की ले ली जान, इश्क का इल्जाम, रिश्तों का कत्ल, भाईचारे पर चला खून का वार

Bihar Illicit Relationship: कहते हैं कि जब रिश्तों में भरोसा दम तोड़ देता है, तब घर की चौखट ही सबसे खतरनाक मंजर बन जाती है। ....

Muzaffarpur Love Suspicion Turns Deadly Brother Killed Over
मुहब्बत के शक ने बड़े भाई की ले ली जान- फोटो : social Media

Bihar  Illicit Relationship:  कहते हैं कि जब रिश्तों में भरोसा दम तोड़ देता है, तब घर की चौखट ही सबसे खतरनाक मंजर बन जाती है। मुजफ्फरपुर के मुसहरी थाना क्षेत्र में भी कुछ ऐसा ही हुआ, जहां इश्क, शक और खून की ऐसी खौफनाक दास्तान सामने आई जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। छोटे भाई को अपनी पत्नी और बड़े भाई के बीच नाजायज रिश्ते का ऐसा यकीन हुआ कि उसने कानून को अपने हाथ में लेते हुए बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। अब खून से रंगे इस खेल का पर्दाफाश होने के बाद पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

घटना मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र के नवादा गांव की है। यहां रहने वाले अशोक महतो पर आरोप है कि उसने शनिवार अहले सुबह अपने सगे बड़े भाई संतोष महतो की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद घर में मातम पसर गया। जिस आंगन में कभी भाईचारे की आवाज गूंजती थी, वहीं चीख-पुकार और मातमी सन्नाटा फैल गया। परिजन बदहवास हो गए और पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

घटना की खबर मिलते ही मुसहरी थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया, साक्ष्य जुटाए और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक महतो को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने जो कहानी सुनाई, उसने इस हत्याकांड को और भी सनसनीखेज बना दिया।

पुलिस के मुताबिक, अशोक महतो ने पूछताछ में दावा किया कि उसकी पत्नी और उसके बड़े भाई संतोष महतो के बीच अवैध संबंध थे। इसी शक को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से तनातनी और तकरार चल रही थी। शनिवार की सुबह यह विवाद इस कदर भड़क गया कि गुस्से में अशोक ने अपने ही बड़े भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में संतोष महतो की मौके पर ही मौत हो गई।

पूरे मामले पर डीएसपी ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी पत्नी और बड़े भाई के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी वजह से उसने हत्या जैसी संगीन वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

यह वारदात एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि जब शक हकीकत से बड़ा हो जाए, तो रिश्ते अदालत नहीं बल्कि श्मसान घाट तक पहुंच जाते हैं। इश्क के इल्जाम ने भाईचारे का कत्ल कर दिया, एक परिवार उजड़ गया और दो भाइयों की जिंदगी हमेशा के लिए बर्बाद हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है ताकि यह साफ हो सके कि यह केवल शक का अंजाम था या इसके पीछे कोई और राज भी दफन है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा