Bihar Crime: मेरी सुजाता को ढूंढ दो, नहीं तो मेरी लाश मिलेगी... प्रेम विवाह के बाद पत्नी के गायब होने से टूटा युवक, वीडियो जारी कर पुलिस से लगाई न्याय की गुहार, कहानी पढ़ कर रो देंगे
Bihar Crime: छह साल की मोहब्बत, समाज से लड़कर किया गया प्रेम विवाह, जेल की सलाखें और फिर अचानक पत्नी का रहस्यमय ढंग से गायब हो जाना।उसकी आंखों में बेबसी है, आवाज में दर्द है और..
Bihar Crime: छह साल की मोहब्बत, समाज से लड़कर किया गया प्रेम विवाह, जेल की सलाखें और फिर अचानक पत्नी का रहस्यमय ढंग से गायब हो जाना। अब एक युवक सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी पत्नी के लिए इंसाफ मांग रहा है। उसकी आंखों में बेबसी है, आवाज में दर्द है और शब्दों में वह टीस है जो किसी अपने को खो देने के बाद ही महसूस होती है।मुजफ्फरपुर के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र से सामने आई एक दर्दनाक कहानी ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
मुजफ्परपुर के घंसौत गांव निवासी गौरी शंकर कुमार का दावा है कि उसने पड़ोसी गांव कोदरिया गोसाईपुर की रहने वाली सुजाता कुमारी से प्रेम विवाह किया था। दोनों की प्रेम कहानी वर्ष 2020 में शुरू हुई थी, जब सुजाता अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। स्कूल की दोस्ती धीरे-धीरे मोहब्बत में बदली और दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाईं। छह वर्षों तक रिश्ते को निभाने के बाद 18 जनवरी को दोनों घर छोड़कर निकल गए और समस्तीपुर में शादी रचा ली।
गौरी शंकर के अनुसार, शादी के बाद दोनों हरियाणा चले गए, जहां पति-पत्नी की तरह रहने लगे। लेकिन प्रेम कहानी में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब युवती के परिजनों द्वारा दर्ज कराए गए मामले में पुलिस ने हरियाणा से दोनों को बरामद कर लिया। युवक का आरोप है कि अदालत में सुजाता ने अपनी मर्जी से शादी करने और पति के साथ रहने की बात कही थी, फिर भी उसे जेल भेज दिया गया।
युवक का कहना है कि जेल जाने के बाद उसकी पत्नी को उसकी मौसी के घर रखा गया था। लेकिन होली के दौरान सुजाता की मां उसे अपने साथ ले गई। गौरी शंकर का दावा है कि 31 मार्च को उसकी पत्नी से आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद न तो उससे कोई संपर्क हो पाया और न ही उसका कोई सुराग मिला।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि युवक को आशंका है कि उसकी पत्नी की हत्या कर शव को कहीं ठिकाने लगा दिया गया है। हालांकि इस आरोप की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन युवक लगातार पुलिस अधिकारियों के दरवाजे खटखटाने और आवेदन देने की बात कह रहा है। उसका आरोप है कि उसे अब तक न्याय नहीं मिला और न ही उसकी पत्नी का पता चल पाया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में गौरी शंकर फूट-फूटकर इंसाफ की गुहार लगाते दिखाई देता है। वह कहता है कि अगर उसकी पत्नी के कथित हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया गया और उसे न्याय नहीं मिला, तो वह आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हो जाएगा। यह बयान मामले को और अधिक संवेदनशील बना देता है।
उधर सिवाईपट्टी थाना पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में आते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने युवती के भाई को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और उस स्थान की भी जांच कर रही है जहां अदालत के आदेश के बाद युवती को रखा गया था। फिलहाल युवती का कोई पता नहीं चल पाया है।
यह मामला अब सिर्फ एक प्रेम कहानी का नहीं, बल्कि एक युवती के लापता होने, एक पति की बेबसी और न्याय की तलाश का बन गया है। हर किसी की नजर अब पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर सुजाता कहां है और उसके साथ क्या हुआ। क्योंकि इस सवाल का जवाब सिर्फ गौरी शंकर ही नहीं, पूरा इलाका जानना चाहता है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा