पूर्ण शराबबंदी में मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, विदेशी बोतलों में बन रही थी नकली शराब

Bihar Crime: एक बंद मकान के अंदर नकली विदेशी शराब का बड़ा खेल चल रहा था, जहां बोतलों में जहर घोलकर बाजार में उतारने की साजिश रची जा रही थी।

Muzaffarpur Mini Liquor Factory Busted in Dry State
नकली शराब का काला खेल- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में एक बार फिर शराब माफियाओं के गोरखधंधे का पर्दाफाश हुआ है। कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर में एक बंद मकान के अंदर नकली विदेशी शराब का बड़ा खेल चल रहा था, जहां बोतलों में जहर घोलकर बाजार में उतारने की साजिश रची जा रही थी। लेकिन इस साजिश पर उस वक्त पानी फिर गया जब उत्पाद विभाग बिहार की टीम ने अचानक दबिश दे दी।

सूत्रों के मुताबिक, उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में एक मकान के भीतर मिनी शराब फैक्ट्री संचालित की जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने बिना देर किए छापेमारी की और मौके पर जो नज़ारा सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया।

छापेमारी के दौरान अलग-अलग ब्रांड के विदेशी शराब की बोतलों में भरी जा रही नकली शराब बरामद की गई। साथ ही भारी मात्रा में शराब बनाने के उपकरण, खाली बोतलें, ढक्कन और रैपर भी जब्त किए गए। यह पूरा सेटअप किसी प्रोफेशनल गैंग की तरफ इशारा कर रहा था, जो लंबे समय से इस धंधे में लिप्त था।

मौके से सरैया थाना क्षेत्र निवासी संतोष कुमार द्विवेदी नामक एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके और इसमें शामिल अन्य लोगों तक पुलिस पहुंच सके।

उत्पाद विभाग के अधिकारी ने बताया कि यह एक संगठित गिरोह का काम लग रहा है, जो बड़े पैमाने पर नकली शराब तैयार कर उसे बाजार में खपाने की फिराक में था। अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो यह जहरीली शराब कई जिंदगियों पर भारी पड़ सकती थी।

फिलहाल पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है। इस खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि ऐसे गैरकानूनी धंधों पर अब और सख्ती से लगाम कसी जाएगी।