Instagram पर दोस्ती, फिर मिलने की जिद… मुजफ्फरपुर की नाबालिग लड़की का खौफनाक कदम, 1100 KM भागी

पूरा मामला मुजफ्फरपुर नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग युवती की इंस्टाग्राम के जरिए ओडिशा के एक युवक से दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। कुछ समय बाद नाबालिग ने अपने इंस्टाग्राम दोस्त से मिलने का फैसला किया।

Muzaffarpur Minor Girl
Muzaffarpur Minor Girl - फोटो : news4nation

Bihar News :  मुजफ्फरपुर में इंस्टाग्राम की दोस्ती का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक नाबालिग युवती इंस्टाग्राम पर बने दोस्त से मिलने के लिए घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकली और करीब 1100 किलोमीटर दूर ओडिशा के राउरकेला पहुंच गई। इधर, बेटी के घर वापस नहीं लौटने पर परेशान परिजनों ने नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग को राउरकेला से सकुशल बरामद कर लिया। न्यायालय के आदेश के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।


इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती

पूरा मामला मुजफ्फरपुर नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग युवती की इंस्टाग्राम के जरिए ओडिशा के एक युवक से दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। कुछ समय बाद नाबालिग ने अपने इंस्टाग्राम दोस्त से मिलने का फैसला किया। बताया गया कि नाबालिग घर से स्कूल जाने के लिए निकली, लेकिन स्कूल जाने के बजाय सीधे स्टेशन पहुंच गई। वहां से उसने ट्रेन पकड़ी और पहले बरौनी स्टेशन पहुंची। इसके बाद दूसरी ट्रेन से ओडिशा के लिए रवाना हो गई और राउरकेला पहुंचकर अपने इंस्टाग्राम दोस्त से मिलने चली गई।


स्कूल से घर नहीं पहुंची

इधर, निर्धारित समय पर जब नाबालिग स्कूल से घर नहीं लौटी तो परिजन परेशान हो गए। उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने नगर थाने में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई।


पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर नाबालिग की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को उसके ओडिशा के राउरकेला में होने की जानकारी मिली। इसके बाद नगर थाना पुलिस की टीम राउरकेला पहुंची और नाबालिग को सकुशल बरामद कर मुजफ्फरपुर ले आई। पुलिस ने उसे न्यायालय में बयान के लिए पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद नाबालिग को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

मणिभूषण की रिपोर्ट