नशा तस्करी के खिलाफ मुजफ्फरपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 21 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

गिरफ्तार महेश राय से पुलिस पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि गांजे की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

Muzaffarpur Drug Smuggler
Muzaffarpur Drug Smuggler - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार में शराबबंदी के बीच नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर जिले की गायघाट थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए 21 किलो गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की कीमत लाखों रुपये में होने का अनुमान है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बेनीबाद थाना क्षेत्र निवासी महेश राय के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार, गायघाट थानाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में नशीले पदार्थों की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद उन्होंने वरीय अधिकारियों को मामले से अवगत कराया और पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की तैयारी की।


बाइक की जांच में मिला 21 किलो गांजा

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गायघाट थाना क्षेत्र में सकरबारा नूर से भरतनगर जाने वाली सड़क पर घेराबंदी की। इसी दौरान वहां से गुजर रही महेश राय की बाइक को रोककर तलाशी ली गई। बाइक पर रखे सामान की जांच के दौरान पुलिस को 21 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और गांजे को जब्त कर लिया।


तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस

गिरफ्तार महेश राय से पुलिस पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि गांजे की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है या नहीं।


मामले में एसडीपीओ ईस्ट-1 अजय वत्स ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गायघाट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बेनीबाद थाना क्षेत्र के निवासी महेश राय को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 21 किलो गांजा बरामद किया गया है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

मणिभूषण की रिपोर्ट