Bihar News: खनन माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा, अवैध खनन करते दो ट्रैक्टर जब्त, गिरोह में मचा हड़कंप

Bihar News: अवैध खनन के खेल पर आखिरकार पुलिस और खनन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर कड़ा प्रहार किया है।...

Muzaffarpur Police Crack Down on Mining Mafia 2 Tractors Sei
खनन माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा- फोटो : reporter

Bihar News: अवैध खनन के खेल पर आखिरकार पुलिस और खनन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर कड़ा प्रहार किया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत अवैध खनन में लगे दो ट्रैक्टर जब्त कर लिए गए। इस कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में खौफ और बेचैनी का माहौल है।

सूत्रों के मुताबिक, मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से अवैध खनन की खबरें लगातार पुलिस मुख्यालय तक पहुंच रही थीं। रेत और मिट्टी के अवैध दोहन का यह धंधा रात के अंधेरे में बेखौफ जारी था। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को सख्त हिदायत दी थी कि अवैध खनन में शामिल तत्वों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

इसी कड़ी में खनन विभाग की टीम और औराई थाना प्रभारी ने संयुक्त छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से खनन कर सामग्री ढो रहे दो ट्रैक्टरों को मौके से जब्त किया गया। हालांकि चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहे। जब्ती की इस कार्रवाई से अवैध खनन गिरोह में हड़कंप मच गया है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि जब्त ट्रैक्टरों के मालिकों और इसमें संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ खनन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि यह अवैध खनन लंबे समय से संगठित तरीके से किया जा रहा था, जिससे सरकारी राजस्व को भी भारी चपत लग रही थी।

वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने साफ कहा कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी इसी तरह का विशेष अभियान जारी रहेगा और दोषियों को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

पुलिस की इस सख्ती के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है। अब देखना यह होगा कि यह अभियान कितनी दूर तक माफियाओं की कमर तोड़ पाता है। फिलहाल प्रशासन ने संकेत दे दिया है कि अवैध धंधे पर अब लगातार वार होगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा