Bihar Crime:मुजफ्फरपुर में पुलिस पर हमला, अभियुक्त पकड़ने गई पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने जमकर चलाए ईट पत्थर , सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त

Bihar Crime:एक अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर अचानक उग्र भीड़ ने हमला बोल दिया।...

Muzaffarpur Police Team Attacked During Arrest Raid
मुजफ्फरपुर में पुलिस पर हमला- फोटो : reporter

Bihar Crime:एक अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर अचानक उग्र भीड़ ने हमला बोल दिया। बिहार में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर अचानक उग्र भीड़ ने हमला बोल दिया। यह वारदात न सिर्फ पुलिस की कार्रवाई को बाधित करने की कोशिश थी, बल्कि सीधे तौर पर राज्य की व्यवस्था को चुनौती देने जैसा मामला माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम एक वांछित अभियुक्त को पकड़ने के लिए पारू इलाके में पहुंची थी। तभी कुछ स्थानीय उपद्रवी तत्वों ने माहौल बिगाड़ते हुए पुलिस टीम को घेर लिया और अचानक पथराव व हमला शुरू कर दिया। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए और पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया गया, जिसमें वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

हमले के दौरान मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कानून के रखवालों को अपनी जान बचाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि हमलावरों का उद्देश्य पुलिस कार्रवाई को विफल करना और अभियुक्त को छुड़ाना था।हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भी सख्त रुख अपनाया और जवाबी कार्रवाई करते हुए मौके से कई उपद्रवियों को दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और कई लोग मौके से फरार हो गए।

घटना की पुष्टि करते हुए सरैया एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला गंभीर मामला है और इसमें शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच में जुटा है, ताकि इस हमले के पीछे की साजिश और शामिल सभी लोगों का खुलासा किया जा सके।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा