Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में फिर गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट, भतीजे पर चाचा को गोली मारने का आरोप, गांव में दहशत का माहौल

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर जिले में एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा।...

Muzaffarpur Shocked as Nephew Shoots Uncle in Raghopur
फायरिंग से दहला बिहार- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर जिले में एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। मीनापुर थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव में शुक्रवार देर रात हुई फायरिंग की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद में भतीजे ने अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर चाचा पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।

बताया जा रहा है कि राघोपुर निवासी अजीत कुमार पर चार राउंड फायरिंग की गई। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इस गोलीकांड को लेकर ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। घटना को और भी गंभीर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि घायल अजीत कुमार के परिवार का पहले भी आपराधिक घटनाओं से संबंध रहा है। वर्ष 2019 में अजीत कुमार के भाई अखिलेश राय की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ऐसे में ताजा हमले ने पुराने जख्मों को फिर से हरा कर दिया है और पूरे परिवार में भय का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही मीनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उनसे घटना के कारणों, हमलावरों और साजिश के संभावित पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से गोली के खोखे समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वैज्ञानिक तरीके से सबूतों का विश्लेषण कर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे पारिवारिक रंजिश, जमीन विवाद या अन्य किसी पुरानी दुश्मनी का एंगल हो सकता है। हालांकि अभी जांच प्रारंभिक चरण में है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है।फिलहाल राघोपुर गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। स्थानीय लोगों की निगाहें अब पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा