Bihar Crime: शिक्षिका के बेटे पर ताबड़तोड़ फायरिंग, दोनों जांघ में लगी गोली

Bihar Crime: पूर्व के विवाद को लेकर बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। ...

Muzaffarpur Teacher Son Shot in Both Legs
शिक्षिका के बेटे पर ताबड़तोड़ फायरिंग- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में  पूर्व के विवाद को लेकर बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। हमलावरों ने शिक्षिका के बेटे सन्नी कुमार को निशाना बनाते हुए उसके दोनों पैरों की जांघ में गोली मारी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गोली लगने से घायल सन्नी को परिजनों ने आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना औराई थाना क्षेत्र के चरपुरवा स्थित आम के बगीचे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सन्नी कुमार बुधवार की शाम आम के बगीचे की तरफ टहलने गया था। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से सन्नी की दोनों जांघ में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। गोलियों की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही सन्नी के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले गए। घायल युवक की पहचान सन्नी कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र की बसंत पंचायत के बनौली गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। फिलहाल वह अपनी शिक्षिका मां के साथ औराई चौक स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था।

घटना के बाद औराई थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घायल सन्नी हमलावरों में से एक को पहचानता है। उसने पुलिस को कथित तौर पर हमलावर का नाम भी बताया है। इसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि गोलीबारी के पीछे पूर्व का कोई विवाद हो सकता है। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर था और हमलावर ने सन्नी को ही निशाना क्यों बनाया, इसका स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद गोलीबारी की असली वजह सामने आएगी।

मामले को लेकर एसडीपीओ ईस्ट वन अलय वत्स ने बताया कि बुधवार की शाम औराई थाना क्षेत्र में सन्नी कुमार नामक युवक को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। सूचना मिलते ही औराई थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की तहकीकात करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है।फिलहाल पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी में है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। अब पुलिस की जांच और घायल युवक के बयान के आधार पर यह साफ होने की उम्मीद है कि इस सनसनीखेज वारदात के पीछे कौन लोग थे और पुराना विवाद किस बात को लेकर चल रहा था।

रिपोर्ट-मणिभूषण शर्मा