Bihar Crime: घरेलू कलह के दो चेहरे,कहीं फंदे पर झूली महिला तो कहीं घर बंटवारे में चाकूबाजी, पुलिस जांच में जुटी
Bihar Crime:घरेलू विवाद ने दो अलग-अलग घटनाओं में परिवारों के भीतर छिपे तनाव को उजागर कर दिया।
Bihar Crime:नालंदा में घरेलू विवाद ने दो अलग-अलग घटनाओं में परिवारों के भीतर छिपे तनाव को उजागर कर दिया। एक तरफ दीपनगर थाना क्षेत्र के काकोबिगहा गांव में एक महिला ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं दूसरी ओर सिलाव थाना क्षेत्र के जिंदा बीघा गांव में घर के बंटवारे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि रिश्तों की मर्यादा तार-तार हो गई और चाकू व लाठी-डंडे चल गए।
दीपनगर थाना क्षेत्र के काकोबिगहा गांव में घरेलू विवाद के बीच एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।महिला की मौत के बाद उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि घरेलू कलह और कथित दहेज प्रताड़ना के कारण महिला को परेशान किया जाता था।
हालांकि महिला ने आत्महत्या क्यों की और मायके वालों के आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल और संबंधित परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी घटना सिलाव थाना क्षेत्र के जिंदा बीघा गांव की है, जहां घर के बंटवारे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान भाभी ने अपने देवर पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद भाई ने भी लाठी-डंडे से उसकी पिटाई कर दी। अचानक हुए इस बवाल से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में घायल व्यक्ति को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और विवाद की असली वजह तथा दोनों पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है।दोनों घटनाएं भले ही अलग-अलग थाना क्षेत्रों की हैं, लेकिन दोनों के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। एक मामले में घरेलू कलह के बीच महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरे में संपत्ति और घर के बंटवारे का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है। किस मामले में किसकी गलती थी और आरोपों में कितनी सच्चाई है, इसका फैसला जांच के बाद ही होगा।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय