Bihar Crime: ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला सीएम का गृह क्षेत्र नालंदा, घर पर चढ़कर अपराधियों ने युवक को मारी गोली, बाइक में लगाया आग, इलाके में दहशत

Bihar Crime:शनिवार की आधी रात को कानून नहीं, बल्कि बंदूकें बोलीं। धागा फैक्ट्री की ज़मीन को लेकर सुलग रहा पुराना विवाद अचानक खूनखराबे में तब्दील हो गया।

ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला सीएम का गृह क्षेत्र नालंदा
घर पर चढ़कर अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर युवक को किया छलनी- फोटो : reporter

Bihar Crime:शनिवार की आधी रात को कानून नहीं, बल्कि बंदूकें बोलीं। धागा फैक्ट्री की ज़मीन को लेकर सुलग रहा पुराना विवाद अचानक खूनखराबे में तब्दील हो गया। एक पक्ष के बदमाशों ने दूसरे पक्ष के घर पर चढ़कर अंधाधुंध फायरिंग की, घर में तोड़फोड़ मचाई और दहशत फैलाने के लिए बाइक को आग के हवाले कर दिया। इस गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पूरा गांव खौफ के साये में आ गया। घटना बिहार के नालंदा के बेन थाना क्षेत्र के उत्तरी भातूबीघा गांव की है।

घटना रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान प्रिंस सिंह के रूप में हुई है, जिसे गोली लगने के बाद आनन-फानन में पटना के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाज़ुक बनी हुई है। मौके पर पहुंचे लोगों ने बताया कि गोलियों की तड़तड़ाहट से नींद में सोया गांव सहम गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, हमलावर अपना काम कर फरार हो चुके थे।

घायल के परिजन रामकुमार सिंह ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए बताया कि कुछ लोग पंचायती के बहाने प्रिंस को घर से बाहर बुलाकर ले गए थे। बातचीत के दौरान जब उसने नीरज सिंह के पक्ष में बयान देने से इनकार कर दिया, तो नीरज सिंह, अनुज सिंह, नीतीश सिंह, विक्की सिंह, रंजीत सिंह, आकाश सिंह, अमन सिंह समेत कई अन्य लोगों ने मिलकर करीब एक दर्जन राउंड फायरिंग कर दी। इसी दौरान एक गोली प्रिंस की बांह में जा धंसी। इसके बाद बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी बाइक में आग लगा दी, ताकि दहशत का पैग़ाम दूर तक पहुंचे।

ग्रामीणों के मुताबिक, नीरज सिंह और बबलू सिंह के बीच धागा फैक्ट्री की ज़मीन को लेकर लंबे अरसे से तनातनी चली आ रही है। पहले भी कई बार इस संपत्ति को लेकर गांव में तनाव और झड़प की नौबत आ चुकी है, लेकिन इस बार विवाद ने खूनी शक्ल अख्तियार कर ली।

घटना की खबर मिलते ही बेन थाना के साथ आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से सात खोखे बरामद किए गए हैं। एफएसएल टीम ने भी मौके से अहम सबूत जुटाए हैं। बेन थानाध्यक्ष रविराज ने बताया कि ज़मीन के एग्रीमेंट को लेकर विवाद भड़का है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव में फिलहाल पुलिस कैंप कर रही है, मगर सवाल वही है क्या ज़मीन की हवस यूं ही गोलियों से फैसले करती रहेगी?

रिपोर्ट- राज पाण्डेय